उत्तराखंड अनुसूचित जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष प्रेम सिंह राणा ने किया गोपेश्वर जनजाति छात्रावास का औचक निरीक्षण, छात्रों से किया संवाद

चमोली –
उत्तराखंड अनुसूचित जनजाति आयोग के माननीय उपाध्यक्ष श्री प्रेम सिंह राणा ने राजकीय जनजाति छात्रावास, गोपेश्वर का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छात्रावास में रह रहे जनजाति समाज के विद्यार्थियों से बेहद आत्मीय संवाद किया और उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं एवं दी जा रही सुविधाओं के संबंध में जमीनी जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष ने छात्रावास की व्यवस्थाओं, स्वच्छता, भोजन की गुणवत्ता, आवासीय सुविधाओं और विद्यार्थियों को मिल रहे शैक्षणिक वातावरण का गहन जायजा लिया। विद्यार्थियों से बातचीत करते हुए श्री प्रेम सिंह राणा ने उन्हें आश्वस्त किया कि जनजाति समाज के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर से बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना आयोग की शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने मौके पर मौजूद प्रधानाचार्य एवं संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि छात्रावास की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाए। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा उठाई गई समस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को पाबंद किया। इस विशेष निरीक्षण के अवसर पर उत्तराखंड अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य सुरेंद्र सिंह राणा, सदस्य श्रीमती नन्दी राणा, छात्रावास के प्रधानाचार्य सहित संबंधित विभागों के आला अधिकारी मौजूद रहे।

