पब्लिक प्लेस में जाम छलकाने वालों की गोपेश्वर पुलिस ने निकाली बारात, कानून के मुताबिक ‘स्वागत-सत्कार’ के बाद पुलिस एक्ट में काटा चालान

चमोली –
सार्वजनिक स्थानों एवं सड़क किनारे शराब पीकर हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ थानाध्यक्ष गोपेश्वर नवनीत भंडारी के नेतृत्व में गोपेश्वर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया। लगातार मिल रही शिकायतों और आमजन को हो रही परेशानी को देखते हुए पुलिस ने कल शाम अलग-अलग टीमें गठित कर विभिन्न स्थानों पर अभियान चलाया।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने *सार्वजनिक स्थानों/सड़क किनारे खुलेआम शराब का सेवन कर रहे एवं हुड़दंग मचा रहे 29 व्यक्तियों को मौके पर ही पकड़ लिया।* कोई युवा था तो कोई अधेड़ उम्र का, लेकिन सार्वजनिक जगह पर शराब पीकर माहौल खराब करने वालों के लिए पुलिस की कार्रवाई में किसी तरह की रियायत नहीं बरती गई।पुलिस द्वारा सभी 29 व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 81 पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए कुल ₹13,500 संयोजन शुल्क वसूला गया। पुलिस की इस कार्रवाई से सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर आमजन को परेशान करने वालों में हड़कंप मच गया।
सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने और शराब के नशे में हुड़दंग करने की शिकायतें लगातार पुलिस को मिल रही थीं। इससे राहगीरों, स्थानीय नागरिकों को आने-जाने में असुविधा के साथ ही सार्वजनिक माहौल भी प्रभावित हो रहा था। हाल ही में व्यापार संघ के साथ आयोजित बैठक में भी इस समस्या को प्रमुखता से उठाया गया था।
आमजन की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए गोपेश्वर पुलिस ने तत्काल प्रभावी कार्रवाई की और अलग-अलग टीमों को मैदान में उतारकर सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ अभियान चलाया। पुलिस ने पकड़े गए सभी व्यक्तियों को स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर आमजन को परेशान करना, हुड़दंग मचाना अथवा सार्वजनिक शांति भंग करना किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में इस प्रकार के कृत्य की पुनरावृत्ति पाए जाने पर उनके विरुद्ध और अधिक कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



