उत्तराखंड

कृषि कार्मिकों की 8 सूत्रीय मांगें, 27 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी

ख़बर को सुनें

चमोली –

अधीनस्थ कृषि सेवा संघ (उत्तराखण्ड) द्वारा सहायक कृषि अधिकारी संवर्ग की लंबित समस्याओं और न्यायोचित मांगों के निराकरण के लिए चरणबद्ध आंदोलन शुरू कर दिया गया है। इसी क्रम में 06 अक्टूबर 2026 को जिला मुख्यालय में शांतिपूर्ण प्रदर्शन करते हुए शासन और विभाग को एक ज्ञापन सौंपा गया। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्यवाही नहीं हुई, तो 27 अक्टूबर 2026 से सचिवालय कूच और अनिश्चितकालीन हड़ताल की जाएगी।

ग्रेड पे और पदोन्नति सहित ये हैं प्रमुख 8 सूत्रीय मांगें वेतनमान में सुधार: सहायक कृषि अधिकारी वर्ग-3 का ग्रेड पे ₹2400 से बढ़ाकर ₹4200 करने और वर्ग-1 को राजपत्रित घोषित करते हुए ग्रेड पे ₹4800 करने की मांग की गई है।

संवर्गों का आमेलन: सहायक कृषि अधिकारी वर्ग-3 और वर्ग-2 का आमेलन कर दोनों संवर्गों को ₹4200 ग्रेड पे देने की बात कही गई है। पदोन्नति का लाभ: मार्च 2025 से प्रभावी शिथिलीकरण नियमावली के अनुरूप पात्र कार्मिकों को पदोन्नति में अविलंब लाभ दिया जाए। इसके अलावा वर्ग-1 को 10 वर्ष की सेवा पर ₹5400 ग्रेड पे दिया जाए।

संसाधन और भत्ते: एग्रीस्टैक व अन्य ऑनलाइन कार्यों के लिए लैपटॉप, इंटरनेट और तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराया जाए। साथ ही प्रयोगशालाओं में कार्यरत कार्मिकों को जोखिम भत्ता और जिला स्तर की प्रयोगशालाओं में सहायक निदेशक के पदों का सृजन किया जाए।यह रहेगा चरणबद्ध आंदोलन का कार्यक्रम: 09 अक्टूबर 2026 से: एग्रीस्टैक सहित विभाग के सभी ऑनलाइन कार्यों का पूर्ण बहिष्कार किया जाएगा। 16 अक्टूबर 2026 को: निदेशालय स्तर पर धरना और रोष प्रदर्शन का आयोजन होगा।  27 अक्टूबर 2026 से: ठोस कार्यवाही न होने की स्थिति में सचिवालय कूच और अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू होगी। संघ ने शासन और विभाग से अपील की है कि आंदोलनात्मक परिस्थितियों को समाप्त करने के लिए इन न्यायोचित मांगों पर समयबद्ध और सकारात्मक निर्णय लिया जाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button