उत्तराखंड

मलेठी क्षेत्र पंचायत सीट पर विनीता देवी ने दर्ज की जीत, सोनाली को 200 मतों से हराया

ख़बर को सुनें

गैरसैण –

विकासखंड गैरसैंण की रिक्त मलेठी क्षेत्र पंचायत सीट पर हुए उपचुनाव में विनीता देवी ने जीत दर्ज की है। उन्होंने अपनी प्रतिद्वंद्वी सोनाली को 200 मतों के अंतर से पराजित किया। मंगलवार सुबह आठ बजे शुरू हुई मतगणना में विनीता देवी को 383 मत मिले, जबकि सोनाली को 183 मत प्राप्त हुए। कुल 581 मतों में से 566 मत वैध पाए गए, जबकि 15 मत निरस्त किए गए।

सोमवार को मलेठी क्षेत्र पंचायत सीट के लिए चार मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से मतदान संपन्न हुआ। इस सीट पर कुल 1,652 मतदाता पंजीकृत थे, जिनमें से 581 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इनमें 809 महिला मतदाताओं में से 338 और 843 पुरुष मतदाताओं में से 243 मतदाताओं ने मतदान किया।

चुनाव अधिकारी एवं खंड विकास अधिकारी पवन कंडारी ने बताया कि गैरसैंण विकासखंड में क्षेत्र पंचायत सदस्य की दो सीटें रिक्त थीं। सिराणा सीट निवर्तमान सदस्य के असामयिक निधन और मालई सीट पूर्व सदस्य रेवती देवी के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। सिराणा सीट पर बेड़ी तल्ली निवासी शशि देवी को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया जा चुका है। मालई क्षेत्र पंचायत में मलेठी, मालई और एरोली ग्रामसभाएं शामिल हैं। उपचुनाव की प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने के बाद मंगलवार को मतगणना की गई, जिसमें विनीता देवी को विजयी घोषित किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button