उत्तराखंड

कोई पात्र मतदाता न छूटे: चमोली में घर-घर सत्यापन और जागरूकता अभियान होगा तेज

ख़बर को सुनें

एसआईआर में हटाई गई प्रविष्टियों का होगा पुनः सत्यापन, नए मतदाताओं के नाम जुड़ेंगे

चमोली –

जनपद चमोली में मतदाता जागरूकता बढ़ाने, नए एवं युवा मतदाताओं का पंजीकरण सुनिश्चित करने तथा मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी और अद्यतन बनाने के लिए व्यापक अभियान संचालित किया जाएगा। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय, उत्तराखंड द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान हटाई गई मतदाता प्रविष्टियों के पुनः सत्यापन, पात्र नए मतदाताओं के नामांकन तथा दावे-आपत्तियों के निस्तारण के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश जारी किए गए हैं। इसके साथ ही स्वीप (SVEEP) कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद में मतदान प्रतिशत बढ़ाने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अधिकाधिक नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे और मतदाता सूची में अपात्र प्रविष्टियां शामिल न हों। इसके लिए एसआईआर के दौरान हटाई गई प्रविष्टियों का पुनः सत्यापन करने के साथ ही युवा, नए एवं पहली बार मतदान करने वाले पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

विशेष अभियान के अंतर्गत सभी बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने संबंधित मतदान केंद्रों की हटाई गई मतदाता प्रविष्टियों की सूची के साथ घर-घर जाकर सत्यापन करेंगे। सत्यापन के दौरान पात्र मतदाताओं की स्थिति का परीक्षण करते हुए मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित की जाएगी। इसके साथ ही पात्र नए मतदाताओं, विशेषकर युवाओं और पहली बार मतदान करने वाले नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

स्वीप योजना के तहत अक्टूबर और नवंबर माह में जनपद के समस्त माध्यमिक विद्यालयों एवं उच्च शिक्षण संस्थानों में विभिन्न मतदाता जागरूकता गतिविधियां और प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब को भी इन गतिविधियों से जोड़ा जाएगा, ताकि विद्यार्थियों के माध्यम से मतदान के महत्व, लोकतांत्रिक अधिकारों और नागरिक कर्तव्यों का संदेश आमजन तक पहुंचाया जा सके। मतदाताओं को पंजीकरण एवं मतदाता सूची में संशोधन की प्रक्रिया से अवगत कराने के लिए एनवीडी और इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब प्लेटफॉर्म की जानकारी दी जाएगी। साथ ही मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए फार्म-6, नाम हटाने के लिए फार्म-7 तथा मतदाता सूची में प्रविष्टियों में संशोधन एवं अन्य निर्धारित बदलावों के लिए फार्म-8 के संबंध में भी जागरूक किया जाएगा, ताकि पात्र नागरिक निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अपने आवेदन प्रस्तुत कर सकें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button