कर्णप्रयाग की नंदिनी टिनसोला ने NEET में लहराया परचम, पिथौरागढ़ मेडिकल कॉलेज में मिला दाखिला

कर्णप्रयाग (चमोली): –
श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल कर्णप्रयाग (जयकंडी) की पूर्व छात्रा नंदिनी टिनसोला ने नीट (NEET) परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर क्षेत्र और अपने विद्यालय का नाम रोशन किया है। नंदिनी को राजकीय मेडिकल कॉलेज, पिथौरागढ़ में एमबीबीएस (MBBS) प्रथम वर्ष में प्रवेश मिला है। उन्होंने यह बड़ी सफलता अपने दूसरे प्रयास में हासिल की।
शुरुआत से ही मेधावी रही हैं नंदिनी
नंदिनी ने साल 2023 में श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल कर्णप्रयाग से 95.80 प्रतिशत अंकों के साथ 10वीं की बोर्ड परीक्षा पास की थी और स्कूल में दूसरा स्थान हासिल किया था। इसके बाद वह नीट की कोचिंग के लिए देहरादून चली गईं, जहाँ से उन्होंने साल 2025 में 12वीं की परीक्षा उत्तीर्ण की।
परिवार में दोहरी खुशी, जुड़वां बहन बनी पायलट
नंदिनी के माता-पिता स्वास्थ्य विभाग में अपनी सेवाएँ दे रहे हैं। उनकी माता श्रीमती सुषमा टिनसोला और पिता श्री विमल चन्द्र टिनसोला दोनों देहरादून में ही कार्यरत हैं। नंदिनी के परिवार के लिए यह साल दोहरी खुशियाँ लेकर आया है, क्योंकि उनकी जुड़वां बहन वैष्णवी भी इसी वर्ष पायलट बनी हैं। परिवार में उनका एक छोटा भाई भी है।
स्कूल और क्षेत्र में खुशी की लहर
नंदिनी की इस स्वर्णिम उपलब्धि से श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल कर्णप्रयाग के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और अभिभावकों में भारी उत्साह व खुशी का माहौल है। श्री गुरु राम राय एजुकेशन मिशन के चेयरमैन श्री महंत देवेंद्र दास जी महाराज, विद्यालय के प्रधानाचार्य बुद्धिबल्लभ डोभाल और शिक्षकगण—श्री सुमन कुमार, गंभीर सिंह, संगीता पँवार, सोनाली बिष्ट, रवींद्र सिंह, सुरेन्द्र जोशी व रितु मैठानी आदि ने नंदिनी को बधाई दी है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।



