उत्तराखंड

21 अक्टूबर से 31 दिसंबर तक चलेगा वित्तीय समावेशन संतृप्ति अभियान, पात्र लाभार्थियों को मिलेंगी योजनाओं की सुविधाएं

ख़बर को सुनें

बीमा, पेंशन, जन-धन खाते और ई-केवाईसी से संबंधित सेवाओं पर रहेगा विशेष फोकस*

चमोली –

जनपद चमोली की समस्त ग्राम पंचायतों एवं शहरी निकायों में 21 अक्टूबर से 31 दिसंबर 2026 तक वित्तीय समावेशन संतृप्ति अभियान संचालित किया जाएगा। भारत सरकार के वित्त मंत्रालय के वित्तीय सेवा विभाग के निर्देशों के क्रम में भारतीय स्टेट बैंक के अग्रणी बैंक कार्यालय, गोपेश्वर द्वारा अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार की पहल की गई है। अभियान का उद्देश्य पात्र लाभार्थियों को विभिन्न वित्तीय समावेशन योजनाओं से जोड़कर उन्हें योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना है।

अभियान के अंतर्गत प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY), प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY) एवं अटल पेंशन योजना (APY) में पात्र व्यक्तियों का नामांकन किया जाएगा। इसके साथ ही प्रधानमंत्री जन-धन योजना (PMJDY) के अंतर्गत पात्र व्यक्तियों के नए खाते खोलने, विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (PVTG) के परिवारों के जन-धन खाते खोलने तथा निष्क्रिय जन-धन खातों को पुनः सक्रिय करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

अभियान के दौरान जन-धन योजना एवं प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना से संबंधित खातों में आधार सीडिंग, जन-धन एवं अन्य बचत खातों की लंबित री-केवाईसी प्रक्रिया पूरी करने, लंबित खातों में सेंट्रल केवाईसी (C-KYC) आईडी जनरेट करने तथा नामांकन संबंधी विवरण अद्यतन करने की कार्रवाई भी की जाएगी।

इसके अतिरिक्त वित्तीय समावेशन योजनाओं की जानकारी देने और डिजिटल धोखाधड़ी से बचाव के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को बैंकिंग एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने के साथ ही वित्तीय सेवाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाएगी।

जिला प्रशासन एवं अग्रणी बैंक कार्यालय द्वारा आमजन से अपील की गई है कि वे अभियान के दौरान अपने नजदीकी बैंक शाखा अथवा संबंधित बैंकिंग सेवा केंद्र से संपर्क कर पात्रता के अनुसार योजनाओं में पंजीकरण, खाते से संबंधित लंबित प्रक्रियाओं तथा अन्य आवश्यक सेवाओं का लाभ उठाएं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button