व्यापार की रौनक से सांस्कृतिक उत्सव तक… 83 साल में कितना बदला गौचर मेला?

—-आज से शुरू होगा 74वां राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक मेला, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे उद्घाटन
—-कभी भारत-तिब्बत व्यापार का प्रमुख पड़ाव था गौचर, अब स्थानीय उत्पादों, स्वरोजगार और पहाड़ की आर्थिक पहचान को संवारने की चुनौती
रमेश चंद्र थपलियाल | गोपेश्वर
अहा! कन भलु लगेंदू गौचर कू सैणा…। पहाड़ की इस आत्मीय पुकार के साथ अलकनंदा के तट पर एक बार फिर सजने जा रहा है ऐतिहासिक गौचर मेला। शनिवार से शुरू होने वाला 74वां राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक मेला इस बार भी उत्सव, व्यापार और लोकसंस्कृति की रंगत लेकर आएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मेले का शुभारंभ करेंगे। 20 नवंबर तक चलने वाले इस सात दिवसीय आयोजन के बीच हालांकि एक सवाल भी अपनी जगह बनाए हुए है—क्या गौचर मेला अपनी उस मूल व्यापारिक और औद्योगिक पहचान को बचा पाया है, जिसके लिए इसकी शुरुआत हुई थी?
व्यापारिक रिश्तों से जुड़ी है मेले की विरासत
वर्ष 1943 में तत्कालीन गढ़वाल के डिप्टी कमिश्नर बरनीडी के सुझाव पर स्थानीय लोगों और भोटिया जनजाति की पहल से गौचर मेले की शुरुआत हुई थी। बालासिंह पाल, पानसिंह बम्पाल, गोविन्द सिंह राणा और गोविन्द प्रसाद नौटियाल सहित स्थानीय लोगों ने इसे आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उस दौर में गौचर भारत-तिब्बत व्यापार का प्रमुख पड़ाव था। तिब्बती ऊन, पश्मीना, कालीन, दन, हींग, नमक, कस्तूरी, शिलाजीत और जड़ी-बूटियों का व्यापार यहां की पहचान हुआ करता था। सीमांत क्षेत्रों के व्यापारी यहां जुटते थे और यह मैदान आर्थिक गतिविधियों के साथ सामाजिक-सांस्कृतिक मेलजोल का केंद्र बनता था।
युद्ध ने बदली व्यापार की दिशा, मेले ने बदला स्वरूप
वर्ष 1962 के भारत-चीन युद्ध के बाद तिब्बत के साथ पारंपरिक व्यापारिक मार्ग बंद होने से गौचर मेले की मूल व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित हुईं। इसके बाद मेले का स्वरूप धीरे-धीरे व्यापार से औद्योगिक प्रदर्शनियों और सांस्कृतिक आयोजनों की ओर बढ़ा। वर्ष 1968 में इसे औद्योगिक विकास प्रदर्शनी गौचर नाम दिया गया। स्वतंत्रता के बाद 14 नवंबर को पंडित जवाहरलाल नेहरू के जन्मदिवस से मेले की आयोजन परंपरा जुड़ी और यही तारीख इसकी पहचान बन गई।
आज मेले में विभागीय प्रदर्शनियों, कृषि एवं उद्यान उत्पादों, खेलकूद, लोकगीत, लोकनृत्य, स्कूली प्रस्तुतियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रमुखता है। यह बदलाव समय की मांग के अनुरूप है, लेकिन औद्योगिक विकास मेले के नाम के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की जिम्मेदारी भी जुड़ी हुई है।
मंच की चमक के बीच स्थानीय बाजार की तलाश
गौचर मेले की असली सार्थकता केवल सांस्कृतिक मंचों की रौनक और दर्शकों की भीड़ में नहीं, बल्कि इस बात में भी है कि पहाड़ के उत्पादों को कितना बाजार मिलता है। भोटिया समुदाय के पारंपरिक ऊनी उत्पाद, स्थानीय हस्तशिल्प, कृषि उत्पाद, महिला स्वयं सहायता समूहों के सामान और छोटे उद्यमियों को यदि पर्याप्त अवसर मिलें तो यह मेला क्षेत्र की अर्थव्यवस्था के लिए बड़ा माध्यम बन सकता है। अन्यथा औद्योगिक विकास की पहचान धीरे-धीरे केवल नाम तक सिमटने का खतरा बना रहेगा।
जौलजीबी मेले से एक ही तारीख पर आयोजन, बढ़ेगी प्रतिस्पर्धा?
इस वर्ष गौचर मेले के साथ ही पिथौरागढ़ का ऐतिहासिक जौलजीबी मेला भी 14 नवंबर से शुरू हो रहा है। भारत-नेपाल और तिब्बत के पारंपरिक व्यापारिक संबंधों से जुड़ा जौलजीबी मेला भी अपनी विशिष्ट पहचान रखता है। एक ही समय पर दो ऐतिहासिक मेलों का आयोजन व्यापारियों, उत्पादकों और दर्शकों के सामने विकल्प पैदा करता है। ऐसे में स्थानीय व्यापारियों और सांस्कृतिक समूहों की भागीदारी प्रभावित होने की आशंका पर भी विचार जरूरी है। प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी मेलों और महोत्सवों का विस्तार हो रहा है। इस प्रतिस्पर्धा के दौर में गौचर को अपनी विशिष्ट व्यापारिक और सांस्कृतिक पहचान और मजबूत करनी होगी।
83 वर्षों की विरासत, भविष्य से कई उम्मीदें
गौचर मेले का इतिहास 83 वर्षों की यात्रा समेटे है, जबकि इस वर्ष इसका 74वां संस्करण आयोजित हो रहा है। बीच के वर्षों में परिस्थितियों के चलते 11 बार इसका आयोजन नहीं हो सका। यह अंतराल भी इसके इतिहास का हिस्सा है। आज जरूरत इस बात की है कि गौचर मेला अपनी ऐतिहासिक विरासत को केवल स्मृतियों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों तक सीमित न रखे। स्थानीय उत्पादों के विपणन, पारंपरिक शिल्प के संरक्षण, युवाओं के स्वरोजगार और सीमांत क्षेत्रों की व्यापारिक पहचान को इससे जोड़ा जाए।


