21.01 किलोमीटर की चुनौतीपूर्ण दौड़ में करीब 300 धावकों ने दिखाया दमखम, विधायक भूपाल राम टम्टा ने हरी झंडी दिखाकर किया शुभारंभ

ग्वालदम युवान हाफ मैराथन में लोकेश कुमार और दिव्या रावत ने मारी बाजी
विभिन्न आयु वर्गों में भी खिलाड़ियों ने हासिल किए स्थान, स्कूली बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बढ़ाई आयोजन की रौनक
थराली (चमोली )-
पर्यटन नगरी ग्वालदम में रविवार को आयोजित युवान हाफ मैराथन में पुरुष वर्ग में लोकेश कुमार और महिला वर्ग में दिव्या रावत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। बिलीवर हैशटैग फाउंडेशन की ओर से आयोजित 21.01 किलोमीटर की इस हाफ मैराथन में करीब 300 धावकों ने प्रतिभाग कर अपनी शारीरिक क्षमता, अनुशासन और खेल भावना का परिचय दिया। थराली विधायक भूपाल राम टम्टा ने सुबह 9:30 बजे हरी झंडी दिखाकर धावकों को रवाना किया।
हाफ मैराथन का मार्ग ग्वालदम से शुरू होकर करूड़पानी, ताल, धनियालधार और गुडम स्टेट होते हुए तलवाड़ी तक निर्धारित किया गया था। धावकों ने तलवाड़ी से वापस ग्वालदम पहुंचकर अपनी दौड़ पूरी की। पहाड़ी रास्तों के उतार-चढ़ाव और चुनौतीपूर्ण भौगोलिक परिस्थितियों के बीच प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ दौड़ पूरी की।
प्रतियोगिता के अंडर-40 पुरुष वर्ग में लोकेश कुमार ने एक घंटा दो मिनट में निर्धारित दूरी पूरी कर पहला स्थान प्राप्त किया। विपिन चंद्र ने एक घंटा तीन मिनट के समय के साथ दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि सौरभ सिंह एक घंटा तीन मिनट 12 सेकंड में दौड़ पूरी कर तीसरे स्थान पर रहे। महिला अंडर-40 वर्ग में दिव्या रावत ने प्रथम, खुशी गोस्वामी ने द्वितीय और किरण टम्टा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
अन्य आयु वर्गों में भी प्रतिभागियों ने शानदार प्रदर्शन किया। 40 प्लस पुरुष वर्ग में मनोज सिंह ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि 40 प्लस महिला वर्ग में मीना कंडारी विजेता रहीं। वहीं 50 प्लस पुरुष वर्ग में नरेश चंद्र डोबरियाल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता के प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को क्रमशः 21 हजार, 15 हजार और 10 हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
आयोजन के दौरान खेल प्रतियोगिता के साथ सांस्कृतिक गतिविधियों का भी सुंदर समन्वय देखने को मिला। केंद्रीय विद्यालय ग्वालदम, सरस्वती शिशु मंदिर ग्वालदम, विद्या मंदिर ग्वालदम, राजकीय इंटर कॉलेज ग्वालदम तथा राजकीय महाविद्यालय तलवाड़ी के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने आयोजन में स्थानीय संस्कृति और उत्सव का रंग भर दिया। स्थानीय लोगों ने भी कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भागीदारी की।
फाउंडेशन की अध्यक्ष कंचन रावत ने बताया कि युवान हाफ मैराथन का उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के साथ ही उनमें स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और नियमित व्यायाम की भावना विकसित करना है। उन्होंने कहा कि ग्वालदम जैसे प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर पर्यटन स्थल पर इस तरह के आयोजन क्षेत्र की पहचान को व्यापक स्तर पर पहुंचाने में भी सहायक हैं। मैराथन के माध्यम से युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला है।
गौरतलब है कि ग्वालदम और आसपास का क्षेत्र प्राकृतिक सौंदर्य, पर्वतीय पर्यटन और खेल गतिविधियों के लिहाज से विशेष संभावनाएं रखता है। ऐसे आयोजनों से एक ओर जहां युवाओं में फिटनेस और प्रतिस्पर्धात्मक खेल भावना को बढ़ावा मिलता है, वहीं दूसरी ओर क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलने की संभावनाएं भी बढ़ती हैं। स्थानीय स्तर पर खेल एवं सांस्कृतिक आयोजनों की निरंतरता क्षेत्र की सामाजिक और पर्यटन संबंधी पहचान को मजबूत कर सकती है। मैराथन के सफल आयोजन में थाना थराली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली, जबकि सीमा सुरक्षा बल ग्वालदम की ओर से भी विशेष सहयोग प्रदान किया गया। इस अवसर पर व्यापार संघ अध्यक्ष अनिल नेगी, प्रद्युम्न सिंह शाह, देवेंद्र सिंह फरस्वाण, ज्येष्ठ प्रमुख राजेश चौहान, हरेंद्र परिहार, देवेंद्र सिंह रावत, ग्राम प्रधान दीपा देवी, ग्राम प्रधान हेमा गड़िया, हरीश जोशी और वीरेंद्र फरस्वाण सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।


