उत्तराखंड

थराली CHC में स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर चल रहा आंदोलन थमा, लिखित आदेश मिलने पर अनशन समाप्त

ख़बर को सुनें

–सात दिन के संघर्ष के बाद स्वास्थ्य विभाग ने उठाए कदम, सप्ताह में दो दिन मिलेंगी विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं; एक माह में अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू करने का भरोसा

थराली,( चमोली )-

सात दिनों से स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार की मांग को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थराली में चल रहा धरना और अनशन सोमवार को स्थगित कर दिया गया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से चिकित्सकों एवं अन्य कर्मचारियों की तैनाती के लिखित आदेश जारी किए जाने तथा अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू करने के लिए एक माह की समयसीमा तय किए जाने के बाद आंदोलनकारियों ने यह निर्णय लिया।

थराली युवा संघर्ष समिति के अध्यक्ष संजय जोशी के नेतृत्व में समिति के सदस्यों और क्षेत्रीय लोगों ने 10 नवंबर से अस्पताल परिसर में आंदोलन शुरू किया था। आंदोलन के दौरान सीएचसी में अल्ट्रासाउंड सुविधा उपलब्ध कराने, विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं सुनिश्चित करने तथा चिकित्सा एवं सुरक्षा कर्मचारियों की कमी दूर करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई थी।

सोमवार को अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. वैष्णव कृष्ण आंदोलन स्थल पर पहुंचे। उन्होंने आंदोलनकारियों के साथ वार्ता कर स्वास्थ्य विभाग की ओर से उठाए जा रहे कदमों की जानकारी दी। वार्ता में विभाग ने डेढ़ माह के स्थान पर एक माह के भीतर सीएचसी थराली में अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू करने का आश्वासन दिया।

चिकित्सकीय सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए सप्ताह में दो दिन बुधवार और गुरुवार को महिला बेस चिकित्सालय से सर्जन, हड्डी रोग विशेषज्ञ और निश्चेतक की सेवाएं थराली में उपलब्ध कराने के लिखित आदेश भी जारी किए गए। इसके अतिरिक्त एक चिकित्सा अधिकारी, दो स्टाफ नर्स और एक एएनएम की तैनाती के आदेश दिए गए हैं। अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए युवा कल्याण विभाग के माध्यम से तीन सुरक्षा कर्मियों की नियुक्ति की प्रक्रिया के संबंध में भी आदेश जारी किए गए।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से सात सूत्रीय मांगों में से छह पर लिखित कार्रवाई किए जाने और शेष अल्ट्रासाउंड सुविधा के लिए निश्चित समयसीमा दिए जाने के बाद समिति ने फिलहाल आंदोलन स्थगित करने की घोषणा की। आंदोलनकारियों ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर उठाई गई मांगों पर विभाग की पहल के बाद यह निर्णय लिया गया है।

हालांकि समिति ने स्पष्ट किया कि आंदोलन पूरी तरह समाप्त नहीं किया गया है, बल्कि विभागीय आश्वासन और लिखित आदेशों के आधार पर इसे फिलहाल स्थगित रखा गया है। यदि एक माह के भीतर अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू नहीं होती और चिकित्सकों एवं कर्मचारियों की तैनाती के आदेशों का वास्तविक क्रियान्वयन नहीं होता है तो क्षेत्रीय जनता के साथ दोबारा आंदोलन शुरू किया जाएगा। इस अवसर पर समिति के उपाध्यक्ष कैलाश जोशी, सचिव पवन रावत, योगेश देवराड़ी, अभिषेक मिश्रा, हरीश चन्दोला, देवकांत देवराड़ी, मोहन राम आर्या, संदीप कुमार, योगी ठाकुर, मुकेश पुरोहित, मनवर सिंह, सावन बिष्ट, पूजा शर्मा, हेमलता गड़िया, कला देवी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button