ग्राम पंचायत कपणियां में आयोजित जलाशय व्यूह में कलाकारों ने किया सुन्दर मंचन

- बीरेंद्र सिंह राणा/ जखोली / रुद्रप्रयाग
ग्राम पंचायत कपणियां में पाण्डव लीला समिति व नवयुवक मंगल दल के संयुक्त तत्वावधान में जलाशय व्यूह रचना का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें महाभारत युद्ध के सत्रहवें दिन अंगराज कर्ण के मारे जाने के बाद दुर्योधन शोक में जलाशय के अन्दर चला जाता है। कलाकारों द्वारा सुंदर मंचन किया गया। विकासखण्ड जखोली में पहली बार ग्राम पंचायत कपणियां के नवयुवकों द्वारा आयोजित जलाशय व्यूह रचना का भव्य आयोजन किया गया।

कला कारों द्वारा दिखाया गया कि जब महाभारत युद्ध के 17वें दिन कर्ण वध के बाद दुर्योधन शोक में जलाशय में छिप जाता है, क्योंकि दुर्योधन को एक ऐसी विद्या आती थी कि वह जल के अन्दर रह सकता था और जल में पूर्ण रूप से सांस स्थिर रख सकता था,जिस कारण पाण्डव दल को दुर्योधन का कोई पता नहीं चल पाया। बाद में एक आखेटक ने युधिष्ठिर व भीम को दुर्योधन का पता बताया। फिर युधिष्ठिर दुर्योधन को सन्धि का प्रस्ताव देता है, लेकिन दुर्योधन बोलता है कि वह युद्ध करेगा। वह कायरों की तरह सन्धि नहीं करेगा। उसके बाद भीम का दुर्योधन से युद्ध होता है, लेकिन दुर्योधन का शरीर वज्र का रहता है इसलिए उस पर भीम की गधा का कोई असर नहीं पड़ता। अंत में श्रीकृष्ण ने भीम से कहा कि दुर्योधन का शरीर वज्र का बना हुआ है। इसलिए दुर्योधन के शरीर के बजाय जंघा पर गधा मार कर घायल करो। अंत में भीम दुर्योधन की जंघा पर गधा मारकर घायल कर देता है। मंचन में कलाकारों ने बड़े ही उत्साह और जोश का प्रदर्शन कर दर्शकों को देर शाम तक बांधे रखा। अंत में पाण्डव पश्वाओं पर देवता अवतरित होकर दूरदराज से आए भक्तों एवं श्रद्वालुओं को आर्शीवाद दिया। पाण्डव लीला समिति द्वारा बताया गया कि पाण्डव लीला के दौरान क्षेत्र में इस तरह से पहली बार जलाशय व्यूह का आयोजन किया गया। दर्शकों ने कलाकारों व आयोजक मण्डल की प्रशंसा की। इस अवसर पर कार्यक्रम में रुद्रप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के विधायक भरत सिंह चौधरी बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे। उन्होंने ग्राम पंचायत कपणियां की पाण्डव लीला समिति व नवयुवक मंगल दल को भव्य आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजनों से जहां एक ओर पौराणिक संस्कृति का संरक्षण होता है वहीं दूसरी ओर आपसी सहयोग व स्नेह को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने गांव के विकास के लिए हर संभव सहयोग देने की बात कही है। इस अवसर पर हेनबगविवि श्रीनगर गढ़वाल के पूर्व छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो.महावीर नेगी, विशिष्ट अतिथि प्रधानाचार्य गोविन्द नेगी, ओंकारानंद इंका जखोली के प्रबंधक ललिता भट्ट, नागेन्द्र इंका बजीरा के प्रबंधक भगतसिंह पुण्डीर,भाजपा मण्डल अध्यक्ष मेहरवान सिंह रावत, भाजपा जिला उपाध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह भंडारी,प्र अ मनवर सिंह रावत, प्रवक्ता उम्मेद सिंह सेमवाल,हयात सिंह राणा, प्रधान बच्चवाड़ वीर विक्रम सिंह रावत, कार्यक्रम अध्यक्ष प्रधान कपणियां विनीता देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रतिनिधि जयदीप पंवार,पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य सिरवाड़ी पुष्पा देवी,पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य कपणियां राजेश्वरी नेगी, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य ज्ञान प्रकाश, संजयपाल नेगी,धनपाल नेगी, प्रताप सिंह नेगी,हयात सिंह राणा, धूम सिंह राणा,पूर्व प्रधान सिरवाड़ी नरेंद्र सिंह रौथाण, पूर्व प्रधान मखेत अषाढ़ सिंह राणा सहित सैकड़ों लोग मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन बीरेंद्र सिंह राणा व कपूर सिंह पंवार ने संयुक्त रूप से किया है।


