भाजपा नेता ने युवक को मारी गोली, मौत हगामा

हल्द्वानी –
शहर में बीती देर रात एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस वारदात को भाजपा पार्षद ने अंजाम दिया है। जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घायल युवक को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हत्या के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना रामपुर रोड क्षेत्र में आपसी रंजिश के चलते हुई। पुलिस ने बताया कि यह गोलीकांड इलाके में शांति भंग करने वाला मामला है। मृतक का नाम नितिन लोहनी बताया जा रहा है, जो कि मूलरूप से ओखलकांडा का रहने वाला था। जबकि आरोपी वार्ड नंबर 55 का पार्षद अमित बिष्ट उर्फ चिंटू हैं। पार्षद बीजेपी समर्थित है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और लोग डर के कारण घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं। घटना के प्रत्यक्षदर्शी कमल भंडारी के अनुसार वह और नितिन रात में गौलापार गए हुए थे। लौटते समय नितिन ने पार्षद अमित बिष्ट से मिलने की बात कही और दोनों पार्षद के घर पहुंचे। उन्होंने गेट पर घंटी बजाई, जिसके कुछ समय बाद पार्षद असलहा लेकर गेट पर पहुंचे और अचानक फायरिंग शुरू कर दी। पहला फायर जमीन पर चला, जिससे नितिन डरकर भागने लगा। इस दौरान आरोपी पार्षद ने उस पर सीधे गोली चला दी। गोली लगने से नितिन नाली में गिर गया। जैसे ही लोग मदद के लिए पहुंचे, आरोपी के साथ और लोग भी हथियारों के साथ मौके पर आए। नितिन ने किसी तरह अपनी जान बचाते हुए मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन गोली लगने से उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही एसपी सिटी मनोज कत्याल मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने आरोपी पार्षद अमित बिष्ट को गिरफ्तार कर लिया गया है। जबकि उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त लाईसेंसी हथियार पौनी को बरामद कर लिया गया है। मृतक के परिजन ने कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है और हत्या के कारणों की जांच में जुटी हुई है। हत्या के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस ने पूरे इलाके में निगरानी बढ़ा दी है। सोमवार की सुबह एसपी क्राइम डॉ जगदीश चन्द्र, एसपीसिटी मनोज कत्याल ने मौका मुआयना किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने का आश्वासन दिया है।


