नंदादेवी की बड़ी जात की तैयारियों को लेकर 19 जनवरी को कुरुड़ में महापंचायत

चमोली –
हिमालय की अधिष्ठात्री देवी नंदादेवी की इस वर्ष आयोजित होने वाली बड़ी जात यात्रा की तैयारियों को गति देने के लिए नंदादेवी सिद्ध पीठ मंदिर समिति ने महापंचायत बुलाने का निर्णय लिया है। यह महापंचायत 19 जनवरी को नंदादेवी सिद्ध पीठ मंदिर कुरुड़ में आयोजित की जाएगी, जिसमें यात्रा के सुचारु संचालन और परंपरागत व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
नंदादेवी सिद्ध पीठ कुरुड़ के अध्यक्ष सुखबीर सिंह रौतेला ने बताया कि बड़ी जात उत्तराखंड की सबसे महत्वपूर्ण और प्राचीन धार्मिक यात्राओं में से एक है, जिसे सफल बनाने के लिए क्षेत्र के सभी पारंपरिक देवस्थानों, भूम्याल देवताओं, सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों की सहभागिता आवश्यक होती है। इसी उद्देश्य से दशोली पट्टी, बधाण पट्टी के 14 सयाने, बंड पट्टी, लाटू धाम वाण, ध्यों सिंह (सुतोल) दशम द्वार, लाता की भगवती, त्यूणा राजकोटि सहित सभी संबंधित देवस्थानों और पक्षों को महापंचायत के लिए आमंत्रित किया गया है।उन्होंने बताया कि महापंचायत में बसंत पंचमी के शुभ अवसर पर बड़ी जात यात्रा के लिए शुभ लग्न और मुहूर्त तय करने के साथ-साथ यात्रा मार्गों के चिन्हीकरण, पड़ाव स्थलों और परंपरागत व्यवस्थाओं पर विचार-विमर्श किया जाएगा। यह बैठक यात्रा की दिशा और रूपरेखा तय करने में अहम भूमिका निभाएगी।
उल्लेखनीय है कि इस वर्ष नंदादेवी की बड़ी जात आयोजित होनी है, जिसे ठुली जात भी कहा जाता है। शासन और प्रशासन स्तर पर भी इसकी व्यापक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। यात्रा मार्गों पर आधारभूत सुविधाएं, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य आवश्यक संसाधनों को सुदृढ़ करने का कार्य प्रगति पर है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में पहले ही इस संबंध में कई उच्चस्तरीय बैठकें हो चुकी हैं।
अब श्रद्धालुओं, देवस्थानों और स्थानीय समाज की नजरें 19 जनवरी को होने वाली इस महापंचायत पर टिकी हैं, जहां से नंदादेवी की पावन बड़ी जात यात्रा की औपचारिक शुरुआत और उसकी रूपरेखा तय होने की उम्मीद है।


