*9 वर्ष बाद फिर सजेगा गोपेश्वर में वसंतोत्सव, लोक संस्कृति के साथ बॉलीवुड और इंडियन आइडल कलाकारों का होगा संगम**
चमोली –
चमोली जिले के मुख्यालय गोपेश्वर में करीब नौ वर्ष के अंतराल के बाद एक बार फिर वसंतोत्सव का भव्य आयोजन होने जा रहा है। नगर पालिका परिषद गोपेश्वर द्वारा 21 फरवरी से 24 फरवरी तक आयोजित होने वाला यह चार दिवसीय उत्सव सांस्कृतिक रंगों, लोक परंपराओं और मनोरंजन से भरपूर रहेगा।
उत्सव को यादगार बनाने के लिए स्थानीय लोक कलाकारों, सांस्कृतिक दलों और महिला मंगल दलों को विशेष मंच दिया जाएगा, ताकि उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, रीति-रिवाज और लोकनृत्य व्यापक स्तर पर प्रस्तुत किए जा सकें। इसके साथ ही प्रदेश के प्रतिष्ठित कलाकारों और सांस्कृतिक टीमों की प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र होंगी। कार्यक्रम में बॉलीवुड और लोकप्रिय टीवी शो ‘इंडियन आइडल’ से जुड़े कलाकारों को भी आमंत्रित किया जा रहा है, जिससे दर्शकों को विविध मनोरंजन का अवसर मिलेगा।
नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष संदीप रावत ने बताया कि आयोजन सामूहिक सहभागिता से संपन्न होगा। उन्होंने कहा कि महिला स्वयं सहायता समूहों को स्टॉल उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे उन्हें अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिल सके। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।उत्सव की तैयारियों को लेकर आयोजित खुली बैठक में नगरवासियों ने कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि उद्घाटन अवसर पर मुख्यमंत्री को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया जाएगा, जबकि प्रत्येक दिन अलग-अलग मुख्य अतिथि कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे।वसंतोत्सव के आयोजन से नगर में उत्साह का माहौल है और लोगों को एक बार फिर सांस्कृतिक विरासत के रंगों में डूबने का अवसर मिलेगा।



