
चमोली –
बुधवार को साहेब शाह द्वारा 112 के माध्यम से सूचना दी गई कि उनकी मोटरसाइकिल UK11A 3710 (होंडा शाइन) थराली कोर्ट के पीछे खड़ी थी, जो मौके पर नहीं मिली। इसी क्रम में कॉलर मनोज कुमार पुत्र अनुसूया प्रसाद, निवासी ग्राम कुराड़ ने भी सूचना दी कि उनकी मोटरसाइकिल UK07 BR 9959 (पल्सर 150) तहसील थराली गेट के सामने से गायब है।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए थाना थराली पुलिस तत्काल एक्शन में आई। जब बाजार और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले गए तो फुटेज में तीन नाबालिग लड़के (उम्र लगभग 15-16 वर्ष) इन भारी-भरकम मोटरसाइकिलों को धक्का मारते हुए थराली बाजार की तरफ ले जाते दिखाई दिए। प्रथम दृष्टया यह कोई पेशेवर गिरोह की करतूत नहीं, बल्कि “बाइक सीखने की ललक” का मामला निकला। ये किशोर केवल गाड़ी चलाना सीखने के उद्देश्य से इन बाइकों को ले गए थे।
थराली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों मोटरसाइकिलों को कुछ दूरी पर ही बरामद कर लिया है। नाबालिगों की शिनाख्त होते ही उनके परिजनों को थाने बुलाया जाएगा और नाबालिगों की काउंसलिंग के साथ-साथ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।फिलहाल, पुलिस ने दोनों वाहन उनके असली स्वामियों के सुपुर्द कर दिए हैं।अभिभावक अपने बच्चों की गतिविधियों पर पैनी नजर रखें।15-16 वर्ष की आयु अत्यंत संवेदनशील होती है। सुनिश्चित करें कि आपके बच्चे देर रात घर से बाहर न हों ।वाहन स्वामी अपनी मोटरसाइकिल या स्कूटी को किसी सुनसान, लावारिस या असुरक्षित स्थान पर खड़ा न छोड़ें। वाहन हमेशा अपनी नज़रों के सामने या अधिकृत पार्किंग में ही रखें।वाहन खड़ा करते समय हमेशा ‘हैंडल लॉक’ सुनिश्चित करें।

