गुमशुदा युवक को गोविन्दघाट पुलिस ने सकुशल परिजनों से मिलाया, त्वरित कार्रवाई से परिवार में लौटी खुशी

चमोली –
रविवार को थाना गोविन्दघाट क्षेत्रान्तर्गत ग्राम पिनोला में एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में घूमता हुआ पाया गया। ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों द्वारा युवक को संरक्षण में लेकर उससे पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपना नाम शुभम पुत्र प्रेम वल्लभ नौटियाल निवासी ग्राम भगवानपुर, पोस्ट राजावाला, थाना सेलाकुई, जनपद देहरादून बताया।
युवक द्वारा अपने परिजन का मोबाइल नंबर उपलब्ध कराया गया, जिस पर संपर्क करने पर ज्ञात हुआ कि उक्त युवक दिनांक 17.03.2026 से बिना बताए घर से चला गया था तथा इस संबंध में थाना सेलाकुई, जनपद देहरादून में गुमशुदगी क्रमांक 13/2026 पंजीकृत है।
थाना गोविन्दघाट पुलिस द्वारा तत्परता दिखाते हुए थाना सेलाकुई से समन्वय स्थापित किया गया तथा युवक के परिजनों से संपर्क कर उन्हें सूचित किया गया। सूचना प्राप्त होने पर युवक के परिजन तत्काल थाना गोविन्दघाट पहुंचे। आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण करने के उपरांत गुमशुदा युवक शुभम को सकुशल उसके पिता के सुपुर्द कर दिया गया। अपने बेटे को सुरक्षित पाकर परिजनों द्वारा गोविन्दघाट पुलिस का आभार व्यक्त किया गया।

