एसपी चमोली ने किया थाना थराली का वार्षिक निरीक्षण

थराली, संवाददाता
पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार ने मंगलवार को थाना थराली का वार्षिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सर्वप्रथम अपर उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह के नेतृत्व में सुसज्जित सलामी गार्द ने उन्हें सलामी दी, जिसका एसपी ने अभिवादन स्वीकार करते हुए गार्द का निरीक्षण किया। इसके उपरांत उन्होंने थाना परिसर का भ्रमण कर अभिलेखों के रख-रखाव, डिजिटल कार्यप्रणाली, स्वच्छता व्यवस्था और अनुशासन की स्थिति का गहन परीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान एसपी पँवार ने पुलिस कर्मियों को शस्त्र संचालन एवं हैंडलिंग का व्यावहारिक अभ्यास कराया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कर्मियों को समय-समय पर शस्त्रों के उपयोग और रख-रखाव का नियमित प्रशिक्षण दिया जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में वे तत्परता से कार्य कर सकें। शस्त्रों की साफ-सफाई, उचित रख-रखाव और संबंधित अभिलेखों के नियमित अद्यतन रखने पर भी विशेष जोर दिया गया। आगामी यात्रा सीजन, फायर सीजन और बरसात को ध्यान में रखते हुए एसपी ने सभी आपदा प्रबंधन उपकरणों को पूरी तरह क्रियाशील स्थिति में रखने के निर्देश दिए। उन्होंने एसडीआरएफ के साथ समन्वय स्थापित कर पुलिस कर्मियों को समय-समय पर आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण देने और उपकरणों के व्यवहारिक उपयोग का अभ्यास कराने पर बल दिया।
थराली क्षेत्र को नंदा देवी यात्रा मार्ग का महत्वपूर्ण पड़ाव बताते हुए एसपी ने यातायात व्यवस्था, पार्किंग प्रबंधन और आपदा नियंत्रण को मजबूत बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पूर्व वर्षों में आई समस्याओं का विश्लेषण कर एक ठोस और प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा का अनुभव मिल सके। निरीक्षण के दौरान थाना एवं अधीनस्थ चौकियों में उपलब्ध सरकारी संसाधनों की स्थिति का भी आकलन किया गया। एसपी ने खराब या अनुपयोगी सामग्री की शीघ्र मरम्मत या प्रतिस्थापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। थाना परिसर के आवासीय भवनों में आई दरारों की मरम्मत को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक कार्रवाई शीघ्र पूर्ण करने को कहा।
इसके साथ ही एसपी पँवार ने थाना प्रभारी को निर्देशित किया कि क्षेत्र के ज्वेलरी व्यवसायियों के साथ बैठक कर उन्हें बीआईएस मानकों के प्रति जागरूक किया जाए और सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी प्रदान की जाए। उन्होंने अपराध नियंत्रण एवं जनसहभागिता को बढ़ावा देने पर भी बल दिया। निरीक्षण के अंत में एसपी ने पुलिस कर्मियों, होमगार्ड और पीआरडी जवानों के साथ बैठक कर उनकी व्यक्तिगत और विभागीय समस्याओं को सुना। उन्होंने सभी को यात्रा सीजन के दृष्टिगत शारीरिक और मानसिक रूप से पूरी तरह तैयार रहने, अनुशासन बनाए रखने और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इस अवसर पर थाना प्रभारी थराली विनोद चौरसिया, व्यापार मंडल अध्यक्ष संदीप रावत, प्रधान प्रमोद जोशी सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



