उत्तराखंड

राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस पर चमोली में भव्य आयोजन, मजबूत पंचायतों से सशक्त ग्रामीण भारत का संदेश

ख़बर को सुनें

चमोली –

जिला पंचायत चमोली में शुक्रवार को राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर एक भव्य एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विकासखंड नंदानगर के सुदूरवर्ती ग्राम कनोल की ग्राम प्रधान  पूजा देवी, युवक मंगलदल अध्यक्ष  कुंवर सिंह नेगी,  गब्बर सिंह एवं जिला पंचायत थाला वार्ड के सदस्य  ब्रेन सिंह राणा ने अपने विचार व्यक्त करते हुए पंचायतों की मजबूती और ग्रामीण विकास में उनकी भूमिका पर प्रकाश डाला।

पंचायतीराज व्यवस्था, जो कि भारत सरकार द्वारा लोकतंत्र को जमीनी स्तर तक सशक्त बनाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है, आज ग्रामीण भारत के विकास की रीढ़ बन चुकी है। ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत और जिला पंचायत मिलकर स्थानीय समस्याओं का समाधान, योजनाओं का क्रियान्वयन और जनता की भागीदारी सुनिश्चित करती हैं। पंचायतों का मुख्य उद्देश्य केवल योजनाओं का संचालन ही नहीं, बल्कि पारदर्शिता, जवाबदेही और जनसहभागिता के माध्यम से समग्र विकास सुनिश्चित करना भी है।

पंचायतों के अधिकारों में स्थानीय संसाधनों का प्रबंधन, विकास योजनाओं का चयन एवं क्रियान्वयन, तथा ग्राम स्तर पर निर्णय लेने की शक्ति शामिल है। वहीं उनके कर्तव्यों में स्वच्छता, शिक्षा, स्वास्थ्य, जल संरक्षण, महिला सशक्तिकरण एवं सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना प्रमुख है। जब पंचायतें अपने अधिकारों और कर्तव्यों का संतुलित रूप से निर्वहन करती हैं, तभी एक सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित ग्रामीण भारत की परिकल्पना साकार होती है।

कार्यक्रम के अंत में माननीय अध्यक्ष जिला पंचायत चमोली  दौलत सिंह बिष्ट ने सभा को संबोधित करते हुए पंचायत प्रतिनिधियों को उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों से अवगत कराया और उन्हें प्रेरित किया कि वे पारदर्शिता, ईमानदारी एवं जनसेवा की भावना के साथ कार्य करते हुए पंचायतों को और अधिक सशक्त बनाएं। उन्होंने कहा कि मजबूत पंचायतें ही सशक्त राष्ट्र की नींव होती हैं और सभी जनप्रतिनिधियों को मिलकर विकास की इस धारा को आगे बढ़ाना होगा।

इस अवसर पर अपर मुख्य अधिकारी चमोली  तेज सिंह, जिला पंचायतीराज अधिकारी चमोली,  रमेश चंद्र त्रिपाठी एवं अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button