उत्तराखंड

रौता ग्राम पंचायत में दिनदहाड़े बाघ का हमला, युवक घायल — ग्रामीणों में दहशत

ख़बर को सुनें

पोखरी –

विकासखंड के रौता ग्राम पंचायत में आज शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां दिनदहाड़े बाघ ने एक युवक पर हमला कर उसे घायल कर दिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल व्याप्त है।

जानकारी के अनुसार थाला बैंड वार्ड के जिला पंचायत सदस्य और ग्रामीण बीरेंद्र राणा ने बताया कि ग्राम सभा रौता में आगामी 26 अप्रैल से सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन प्रस्तावित है। इसी सिलसिले में गांव के खडपटा तोक में मंच निर्माण के लिए आज सुबह करीब 10 बजे चार-पांच युवक पहुंचे थे और कार्य में जुटे थे।

इसी दौरान झाड़ियों में छिपे बाघ ने अचानक हमला कर 29 वर्षीय मोहित सिंह (पुत्र शिशुपाल सिंह) को अपना निशाना बना लिया। हमले के दौरान मोहित सिंह ने साहस दिखाते हुए बाघ का सामना किया। साथ मौजूद अन्य युवकों के शोर मचाने पर बाघ मौके से जंगल की ओर भाग गया। हालांकि इस हमले में मोहित सिंह की पीठ और हाथ पर गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद गांव में भय का माहौल है और ग्रामीण खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। बीरेंद्र राणा ने बताया कि इससे पहले भी क्षेत्र में बाघ की गतिविधियों की सूचना वन विभाग को दी गई थी, लेकिन समय रहते ठोस कार्रवाई नहीं होने के कारण यह घटना हुई।

ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द बाघ को पकड़ने या उसे क्षेत्र से हटाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। वहीं वन दरोगा आनंद सिंह रावत ने बताया कि वन आरक्षी दिनेश सिंह राणा सहित वन विभाग की टीम को मौके पर भेज दिया गया है। घटना की जांच की जा रही है और बाघ को पकड़ने के लिए पिंजड़ा लगाने हेतु उच्च अधिकारियों से संपर्क किया जा रहा है।

उधर, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रौता के डॉक्टर विरजू ने बताया कि घायल मोहित सिंह की स्थिति फिलहाल सामान्य है। उसकी पीठ, हाथ और पेट पर बाघ के दांत और नाखून के खरोंच के निशान हैं, जिनका उपचार कर दिया गया है। फोटो सलंग्न

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button