टिहरी में आकाशीय बिजली का कहर 50 से अधिक भेड़-बकरियों की मौत, कई लापता, दो महिलाएं भी झुलसी

टिहरी –
टिहरी जनपद के सीमांत गांव गेंवाली में गुरुवार देर शाम आकाशीय बिजली ने भारी तबाही मचा दी, तेज बारिश और गर्जना के बीच गिरी आसमानी बिजली की चपेट में आने से 50 से अधिक भेड़-बकरियों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य पशु अब भी लापता बताए जा रहे हैं। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार शाम करीब 5 बजे गांव के ऊपरी क्षेत्र में पशु चारा चर रहे थे, तभी अचानक मौसम खराब हो गया और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली की चपेट में आने से बड़ी संख्या में भेड़-बकरियां मौके पर ही मर गईं। पशुपालकों को इस घटना से भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार कई पशु जंगल और पहाड़ी क्षेत्रों की ओर भाग गए, जिनकी तलाश जारी है।इस हादसे में दो महिलाएं भी झुलस गईं, दोनो घायलों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेलेश्वर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर श्रीनगर रेफर किया गया। घायलों में एक 7 माह की गर्भवती महिला भी शामिल है। राहत की बात यह रही कि दोनों महिलाओं की स्थिति अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। एसडीएम घनसाली मंजू राजपूत ने बताया की कल गेवाली गांव में 5 बजे करीब आकाशीय बिजली से दो महिलाएं जो झुलसी है जिनको प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेलेश्वर लाया गया था उनका उपचार किया गया है।डॉक्टर से मेरे द्वारा भी संपर्क किया गया था, उनके द्वारा बताया गया अभी उनकी स्तिथि वैसे सामान्य है। लेकिन उनमें से एक महिला गर्भवती है, ऐतिहातन के तौर पर उन्हें हॉयर सेंटर रेफर श्रीनगर भेजा गया है। दूसरी महिला गर्भवती महिला की बहिन है, उन्हें भी गर्भवती महिला के साथ में भेजा दिया गया है ताकि हायर सेंटर में उनका अच्छा सा उपचार हो सके। वहीं वहां पर कुछ बकरियों का भी आकाशीय बिजली से मरने की सूचना प्राप्त हुई है, लेकिन अभी स्पष्ट आंकड़े हमारे पास नही आए है। आज टीम को मौके पर भेजा गया है।


