उत्तराखंड

टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत चमोली के ग्रामीण क्षेत्रों में स्क्रीनिंग शिविर, 141 लोगों की जांच

ख़बर को सुनें

चमोली –

100 दिवसीय “टीबी मुक्त भारत अभियान” के अंतर्गत जनपद चमोली के दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा विकासखंड जोशीमठ के टंगड़ी तथा कर्णप्रयाग विकासखंड के नौली बड़ागांव मल्ला-ताला में स्क्रीनिंग शिविर आयोजित किए गए। शिविर के दौरान कुल 141 लाभार्थियों के चेस्ट एक्स-रे किए गए, जबकि 12 लोगों के बलगम के नमूने जांच के लिए लिए गए।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभिषेक गुप्ता ने बताया कि शिविर का उद्देश्य आमजन को क्षय रोग (टीबी) के प्रति जागरूक करना और संभावित मरीजों की समय रहते पहचान कर निःशुल्क जांच एवं उपचार उपलब्ध कराना है। शिविर में चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों ने लोगों की स्वास्थ्य जांच कर टीबी के लक्षणों जैसे लगातार खांसी, वजन कम होना, बुखार और कमजोरी के बारे में जानकारी दी। संदिग्ध मरीजों के नमूने जांच के लिए एकत्रित किए गए। साथ ही सरकार की ओर से उपलब्ध निःशुल्क उपचार एवं पोषण सहायता योजना की जानकारी भी साझा की गई।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभिषेक गुप्ता और जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. बी.पी. पुरोहित ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के “टीबी मुक्त भारत” संकल्प को साकार करने के लिए स्वास्थ्य विभाग लगातार सक्रिय है। उन्होंने लोगों से टीबी के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराने और उपचार बीच में न छोड़ने का आग्रह किया है।

शिविर में चिकित्सा अधिकारियों, आशा कार्यकर्ताओं, एएनएम, स्वास्थ्य विभाग की टीम और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता की। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि आगामी दिनों में भी जिले के विभिन्न क्षेत्रों में ऐसे स्क्रीनिंग शिविर आयोजित किए जाएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button