-बीडीसी प्रस्तावों की निगरानी के लिए बनेगा समर्पित पोर्टल, लापरवाही पर बीडीओ व एडीओ पंचायत को कारण बताओ नोटिस

चमोली –
विकासखंड चमोली के ब्लॉक सभागार दशोली में मंगलवार को ब्लॉक प्रमुख विनीता देवी तथा जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में क्षेत्र पंचायत विकास समिति (बीडीसी) की विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनप्रतिनिधियों द्वारा क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं, विकास कार्यों तथा पूर्व में पारित प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान यह तथ्य सामने आया कि पूर्व बीडीसी बैठकों में पारित प्रस्तावों एवं प्राप्त शिकायतों की अनुपालन आख्या का समुचित संकलन नहीं किया गया है। इस पर जिलाधिकारी गौरव कुमार ने गंभीर नाराजगी व्यक्त करते हुए खंड विकास अधिकारी दशोली एवं सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि वर्तमान बीडीसी बैठक में प्राप्त सभी प्रस्तावों एवं शिकायतों का एक सप्ताह के भीतर संकलन कर संबंधित विभागों को भेजा जाए तथा उनकी समयबद्ध अनुपालन रिपोर्ट प्राप्त की जाए। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की तर्ज पर बीडीसी बैठकों में पारित प्रस्तावों एवं प्राप्त शिकायतों की सतत निगरानी के लिए जनपद स्तर पर एक समर्पित ऑनलाइन पोर्टल विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस पोर्टल के माध्यम से शिकायतों एवं प्रस्तावों की प्रगति की प्रभावी मॉनिटरिंग हो सकेगी तथा विभागीय जवाबदेही भी सुनिश्चित होगी। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मुद्दों को अपनी कार्ययोजना में शामिल कर फील्ड स्तर पर आवश्यक कार्रवाई करें तथा समय-समय पर संबंधित जनप्रतिनिधियों को प्रगति की जानकारी उपलब्ध कराएं।
बैठक में कृषि विभाग द्वारा प्रस्तावित चेन लिंक फेंसिंग कार्यों की समीक्षा भी की गई। जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी को प्रस्तावित कार्यों का परीक्षण कर कृषि बहुल गांवों को प्राथमिकता के आधार पर संतृप्त करने के निर्देश दिए।बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, पशुपालन, विद्युत, पेयजल सहित विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं एवं शिकायतों पर चर्चा हुई, जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।बैठक में ब्लॉक प्रमुख विनीता देवी, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, उपजिलाधिकारी राजकुमार पांडे, परियोजना निदेशक आनंद सिंह भाकुनी, जिला पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



