उत्तराखंड

NEET-UG परीक्षा के सफल संचालन को लेकर जिलाधिकारी ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

21 जून को आयोजित परीक्षा में जनपद में 262 अभ्यर्थी होंगे शामिल

ख़बर को सुनें

चमोली –

जिलाधिकारी  गौरव कुमार की अध्यक्षता में आगामी 21 जून 2026 को आयोजित होने वाली NEET-UG परीक्षा के सफल, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण संचालन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा से संबंधित सभी व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में बताया गया कि जनपद में कुल 262 अभ्यर्थी परीक्षा में प्रतिभाग करेंगे तथा परीक्षा के लिए प्रौद्योगिकी संस्थान कोठियालसैंण, गोपेश्वर को एकल परीक्षा केंद्र बनाया गया है। जिलाधिकारी ने अभ्यर्थियों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए परीक्षा केंद्र तक सुगम पहुंच सुनिश्चित करने, पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था करने तथा ट्रैफिक प्रबंधन के लिए प्रभावी रूट प्लान तैयार करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने परीक्षा की सुरक्षा एवं गोपनीयता को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश देते हुए परीक्षा केंद्र में सीसीटीवी कैमरे, जैमर सहित सभी आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाओं का पूर्व परीक्षण करने तथा परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की तकनीकी या व्यवस्थागत समस्या उत्पन्न न होने देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी अभ्यर्थी को ट्रैफिक जाम, मार्ग अवरोध अथवा अन्य किसी कारण से परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में कठिनाई होती है तो उसे तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाए।

अभ्यर्थियों की सहायता हेतु जिला प्रशासन द्वारा *हेल्पलाइन नंबर* *9411352136* एवं *7895500501* जारी किए गए हैं, जिन पर संपर्क कर सहायता प्राप्त की जा सकती है। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए परीक्षा को निष्पक्ष, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए। बैठक में पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, उपजिलाधिकारी चमोली राजकुमार पांडे, निदेशक प्रौद्योगिकी संस्थान कोठियालसैंण अमित अग्रवाल सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button