उत्तराखंड

महिला की संदिग्ध मौत के मामले में पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज

ख़बर को सुनें

पत्नी की मौत के बाद घर में दूसरी महिला के साथ मिला पति, पुलिस ने शांति भंग में भेजा पुरसाड़ी कारागार

चमोली –

गोपेश्वर। नगर क्षेत्र के समीपवर्ती ग्वाड़ गांव में महिला की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने उसके पति के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। वहीं, पत्नी की मौत के बाद घर में दूसरी महिला के साथ मिलने पर ग्रामीणों ने दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी पति को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, जबकि पूछताछ के बाद महिला को उसके स्वजन के सुपुर्द कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, बीती 23 सितंबर को ग्वाड़ गांव में कुसमा देवी का शव घर में रस्सी के सहारे लटका मिला था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद मामले की जांच शुरू की थी। मृतका की बहन ने उसके पति विक्रम लाल पर हत्या का आरोप लगाया था। पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही थी।

बताया गया कि इन दिनों घर में अंतिम संस्कार के बाद की रस्में चल रही थीं। मंगलवार रात मृतका के बच्चों ने ग्रामीणों और ग्राम प्रधान को सूचना दी कि उनके पिता एक कमरे में अन्य महिला के साथ मौजूद हैं। इसके बाद ग्रामीणों ने कमरे को बंद कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस की तलाशी में वहां गांव के समीप रहने वाली एक विधवा महिला मिली। मंगलवार को गांव की महिलाओं ने गोपेश्वर थाने में पहुंचकर मामले में कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

थानाध्यक्ष नवनीत भंडारी ने बताया कि महिला और विक्रम लाल के बीच प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है। मृतका की संदिग्ध मौत के मामले में पति के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। फिलहाल उसे शांति भंग के आरोप में पुरसाड़ी कारागार भेजा गया है। मामले की जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button