रुद्रप्रयाग के नगरासू गुरुद्वारे मपर 24घंटों से निहंग का कब्जा, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक की अपील भी बेअसर

रुद्रप्रयाग-
चारधाम यात्रा मार्ग पर स्थित नगरासू गुरुद्वारे में शनिवार से शुरू हुआ गतिरोध रविवार तक जारी रहा। गुरुद्वारा प्रबंधन के रवैये से नाराज बताए जा रहे कुछ निहंग सिख 24 घंटे से अधिक समय से गुरुद्वारे के भीतर और छत पर डटे हुए हैं। प्रशासन के कई दौर की वार्ता और अपील के बावजूद कोई समाधान नहीं निकल पाया है।
मौके पर जिलाधिकारी विशाल मिश्रा और पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। डीएम ने लाउडस्पीकर के माध्यम से कई बार शांति और वार्ता की अपील की, लेकिन निहंग अपनी मांगों पर अड़े रहे। घटना के चलते बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस और प्रशासन की टीम लगातार तैनात है तथा आसपास के इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। स्थानीय लोगों की भी घटनाक्रम पर नजर बनी हुई है। गौरतलब है कि 16 जून को कर्णप्रयाग में हुए विवाद के बाद यह प्रदेश में निहंग सिखों से जुड़ा दूसरा बड़ा मामला माना जा रहा है। फिलहाल हालात नियंत्रण में बताए जा रहे हैं, लेकिन लंबे समय से चले इस गतिरोध ने पूरे प्रदेश का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है।



