सोलर प्लांट से ₹3.50 लाख का इन्वर्टर चोरी, चमोली पुलिस ने 24 घंटे में किया पर्दाफाश
आरोपी गिरफ्तार, चोरी गया इन्वर्टर बरामद

चमोली –
चमोली पुलिस ने सोलर प्लांट से लाखों रुपये के उपकरण चोरी की घटना का त्वरित खुलासा कर दिया है। पुलिस ने 100 किलोवाट क्षमता का सोलर इन्वर्टर चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गया माल बरामद कर लिया है। बरामद इन्वर्टर की अनुमानित कीमत ₹3.50 लाख बताई जा रही है।
शनिवार को एस एंड एस एनर्जी सिस्टम्स लिमिटेड के साइट सुपरवाइजर हरीश चन्द्र शेखर, निवासी ग्राम लासी ने कोतवाली चमोली में तहरीर दी। उन्होंने बताया कि कंपनी द्वारा ग्राम लासी में स्थापित 200 किलोवाट क्षमता के सोलर प्लांट से अज्ञात व्यक्ति 100 किलोवाट क्षमता का सोलर इन्वर्टर चोरी कर ले गया है। तहरीर के आधार पर कोतवाली में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी चमोली मदन सिंह बिष्ट के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक राकेश भट्ट के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। स्थानीय स्तर पर पूछताछ, सुरागरसी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई।
लगातार दबिश और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने आरोपी अंकित सिंह, निवासी ग्राम लासी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया 100 किलोवाट क्षमता का सोलर इन्वर्टर भी सकुशल बरामद कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया। बरामद इन्वर्टर की कीमत ₹3,50,000 आंकी गई है।खुलासे में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राकेश चंद्र भट्ट, उपनिरीक्षक संपूर्णानंद जुयाल, हेड कांस्टेबल पुष्कर, हेड कांस्टेबल गोपाल सिंह, कांस्टेबल अमित भंडारी और पीआरडी जवान राकेश का सराहनीय योगदान रहा।पुलिस अधीक्षक ने टीम की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि जनपद में संपत्ति संबंधी अपराधों पर कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।



