चमोली पुलिस की सक्रियता लाई राहत, घर से निकले दो नाबालिग बच्चों को सकुशल खोजकर परिजनों से मिलाया

चमोली –
जनपद चमोली पुलिस आमजन की सुरक्षा एवं सहायता के लिए सदैव तत्पर है। इसी क्रम में चौकी नन्दप्रयाग पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घर से लापता हुए दो नाबालिग बच्चों को सकुशल बरामद कर उनके परिजनों के सुपुर्द कर सराहनीय कार्य किया।
दिनांक 11 जुलाई को परिजनों द्वारा चौकी नन्दप्रयाग में सूचना दी गई कि उनके दो नाबालिग बच्चे प्रातः घर से स्कूल जाने के लिए निकले थे, लेकिन देर शाम तक घर वापस नहीं लौटे। परिजनों द्वारा अपने स्तर पर काफी खोजबीन की गई, किन्तु उनका कोई पता नहीं चल सका। जानकारी मिली कि दोनों बच्चे किसी से देहरादून जाने की बात कह रहे थे, जिससे परिजनों की चिंता और बढ़ गई।
सूचना मिलते ही चौकी नन्दप्रयाग पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल खोज अभियान प्रारंभ किया। पुलिस टीम द्वारा संभावित स्थानों पर तलाश की गई, विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया गया तथा स्थानीय लोगों से पूछताछ करते हुए बच्चों के संभावित मार्गों पर लगातार खोजबीन की गई।
पुलिस की सतर्कता एवं त्वरित कार्रवाई के परिणामस्वरूप दोनों नाबालिग बच्चों को नन्दप्रयाग-बगड़ पुल के समीप सकुशल बरामद कर लिया गया। आवश्यक पूछताछ एवं औपचारिकताएं पूर्ण करने के उपरांत दोनों बच्चों को सकुशल उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। अपने बच्चों को सुरक्षित वापस पाकर परिजनों ने राहत की सांस ली तथा चमोली पुलिस की तत्परता, संवेदनशीलता एवं मानवीय कार्यशैली की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए पूरी पुलिस टीम का सहृदय धन्यवाद व्यक्त किया। पुलिस टीम- हेड कांस्टेबल सुनील पैंथवाल, कांस्टेबल पंकज मैखुरी,- होमगार्ड जगदीश, पीआरडी प्रवीन शामिल थे।



