चमोली में डॉक्टरों का बड़ा फेरबदल: 10 चिकित्सकों का तबादला, 9 नए डॉक्टर मिलेंगे
बेस अस्पताल सिमली को मिलेंगे पांच विशेषज्ञ चिकित्सक, लंबे आंदोलन के बाद पूरी हुई क्षेत्रवासियों की मांग
चमोली –
प्रदेश सरकार द्वारा स्वास्थ्य विभाग में किए गए व्यापक तबादलों के तहत चमोली जिले के सरकारी अस्पतालों में भी बड़ा फेरबदल हुआ है। जिले से 10 चिकित्सकों का अन्य जनपदों में स्थानांतरण किया गया है, जबकि विभिन्न जिलों से 9 चिकित्सकों की तैनाती चमोली के अस्पतालों में की गई है। इनमें सबसे बड़ी राहत बेस अस्पताल सिमली को मिली है, जहां एक साथ पांच नए चिकित्सकों की नियुक्ति की गई है। इसे क्षेत्रीय जनता के लंबे आंदोलन और लगातार उठाई जा रही मांग का सकारात्मक परिणाम माना जा रहा है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय से बुधवार को जारी जानकारी के अनुसार जिला चिकित्सालय गोपेश्वर से डॉ. सूर्य नारायण सिंह, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जोशीमठ से डॉ. अक्षय कुमार थापा, उप जिला चिकित्सालय कर्णप्रयाग से डॉ. भगवती प्रसाद पुरोहित एवं डॉ. मनोज कुमार मिश्रा, सीएचसी थराली से डॉ. ऐश्वर्य रेवारी, सीएचसी नंदानगर से डॉ. दीक्षा शाह, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शैलेश्वर से डॉ. अभिनव सिंह, सीएचसी गैरसैंण से डॉ. विकास थलेड़ी तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मोख से डॉ. प्रतीक्षा अग्रवाल का अन्य जनपदों में स्थानांतरण किया गया है।
वहीं दूसरी ओर अन्य जिलों से नौ चिकित्सकों का स्थानांतरण चमोली के विभिन्न अस्पतालों में किया गया है। हालांकि अब जिले में सबसे अधिक चर्चा इस बात को लेकर है कि स्थानांतरित होकर आए सभी चिकित्सक समय पर कार्यभार ग्रहण करते हैं या फिर अन्य जिलों की तरह तबादला निरस्त कराने की कोशिशों में जुटते हैं।
**बेस अस्पताल सिमली को मिली बड़ी सौगात**क्षेत्रवासियों के लिए सबसे राहतभरी खबर बेस अस्पताल सिमली से जुड़ी है। लंबे समय से चिकित्सकों की कमी से जूझ रहे इस अस्पताल को एक साथ पांच नए डॉक्टर मिलेंगे। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सेलाकुई (देहरादून) से डॉ. उमा, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन देहरादून से डॉ. फरीदुजफ्फर, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक कार्यालय देहरादून से डॉ. प्रतीक थापा, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सभावाला से डॉ. अली हैदर तथा रायवाला सीएचसी में तैनात स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. मोनिका श्रीवास्तव का स्थानांतरण बेस अस्पताल सिमली में किया गया है।
इसके अतिरिक्त प्रेमनगर, देहरादून से अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. संजीव कुमार को जिला चिकित्सालय गोपेश्वर भेजा गया है। वहीं डॉ. देवेश शर्मा को सीएचसी थराली तथा डॉ. तेजेंद्र को जिला चिकित्सालय गोपेश्वर में तैनाती दी गई है।स्वास्थ्य विभाग के इस तबादला आदेश से जिले के अस्पतालों में चिकित्सकों की कमी कुछ हद तक दूर होने की उम्मीद जगी है। विशेष रूप से बेस अस्पताल सिमली में पांच चिकित्सकों की तैनाती से स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने की आस बंधी है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि स्थानांतरित चिकित्सक कब तक कार्यभार ग्रहण करते हैं और स्वास्थ्य सेवाओं को कितना मजबूत बना पाते हैं।



