बदरीनाथ मंदिर की थाली भेंट गणना में अनियमितता प्रकरण में बड़ी कार्रवाई
मंदिर समिति के कार्मिक प्रमोद नौटियाल के खिलाफ एफआईआर दर्ज, पुलिस ने शुरू की जांच
चमोली –
श्री बदरीनाथ मंदिर में थाली भेंट गणना के दौरान कथित वित्तीय अनियमितता के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने अपने कार्मिक प्रमोद नौटियाल के विरुद्ध थाना बदरीनाथ में प्रथम सूचना रिपोर्ट (एफआईआर) दर्ज करा दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।
पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट ने बताया कि मंगलवार देर रात्रि करीब 12:30 बजे भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 306 एवं धारा 316(5) के तहत एफआईआर संख्या 0006 दर्ज की गई। मामले की जांच के दौरान पुलिस संबंधित सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन करेगी तथा आवश्यकता पड़ने पर अन्य अभिलेख एवं साक्ष्य भी एकत्र किए जाएंगे।
एफआईआर बीकेटीसी के प्रभारी मंदिर अधिकारी युद्धवीर पुष्पवान की लिखित तहरीर पर दर्ज की गई है। तहरीर के अनुसार, 2 जुलाई 2026 को सोशल मीडिया के माध्यम से बदरीनाथ मंदिर में कथित वित्तीय अनियमितता की जानकारी मिलने के बाद मंदिर समिति ने मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की थी।
प्रारंभिक जांच में यह उल्लेख किया गया है कि संबंधित कार्मिक प्रमोद नौटियाल द्वारा सुबह लगभग 9:00 बजे से 9:30 बजे के बीच मंदिर की धनराशि को कथित रूप से अनधिकृत तरीके से उठाए जाने की प्रथम दृष्टया पुष्टि हुई है। जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर मंदिर समिति ने पहले संबंधित कार्मिक को निलंबित किया और बाद में उसके विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने का निर्णय लिया।प्रभारी मंदिर अधिकारी ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में कहा है कि मंदिर समिति के कार्यालय आदेश के अनुपालन में संबंधित कार्मिक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई जा रही है।
पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट ने बताया कि मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच की जाएगी। सीसीटीवी फुटेज, दस्तावेजी साक्ष्य और अन्य आवश्यक तथ्यों की जांच के बाद ही आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। बदरीनाथ मंदिर की चढ़ावा व्यवस्था से जुड़े इस प्रकरण ने धार्मिक एवं प्रशासनिक स्तर पर गंभीर चर्चा को जन्म दिया है। अब सभी की निगाहें पुलिस जांच और उसके निष्कर्षों पर टिकी हुई हैं।



