एवरेस्ट विजेता एनएसजी कमांडो राहुल नेगी का पोखरी में भव्य स्वागत ।

पोखरी-
विश्व की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट फतह करने वाले सेरा मालकोटी निवासी एनएसजी कमांडो राहुल नेगी के पोखरी पहुंचने पर क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा। व्यापारियों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने उनका फूल-मालाओं, ढोल-नगाड़ों और जयघोष के साथ भव्य स्वागत किया। इस दौरान डामर से विनायकधार तक स्वागत जुलूस भी निकाला गया।
राहुल नेगी, जो भारतीय सेना की 9 गढ़वाल राइफल्स के सैनिक रहे हैं और वर्तमान में एनएसजी में कमांडो के रूप में सेवाएं दे रहे हैं, ने गत 23 मई को माउंट एवरेस्ट की सफल चढ़ाई कर क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन किया। स्वागत समारोह में पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र सिंह भण्डारी ने कहा कि राहुल नेगी की उपलब्धि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि युवाओं को उनसे प्रेरणा लेकर कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ना चाहिए। थाला बैंड वार्ड से जिला पंचायत सदस्य एवं व्यापार मंडल अध्यक्ष बीरेंद्र सिंह राणा ने कहा कि राहुल नेगी की सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायी है और उनकी उपलब्धि पर पूरे क्षेत्र को गर्व है। इस अवसर पर राहुल नेगी ने कहा कि दृढ़ इच्छाशक्ति और आत्मविश्वास के बल पर कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है। उन्होंने युवाओं से अपने हौसले बुलंद रखने और जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित करने का आह्वान किया।
समारोह के दौरान राहुल नेगी के माता-पिता मनोरमा देवी एवं कुंवर सिंह नेगी तथा पत्नी प्रियंका नेगी का भी लोगों ने सम्मान किया। बेटे की ऐतिहासिक उपलब्धि पर पूरा परिवार भावुक नजर आया।कार्यक्रम में ग्राम प्रधान राजे सिंह भण्डारी, भाजपा नगर अध्यक्ष अमर सिंह रावत, भाजपा महिला मोर्चा की जिला उपाध्यक्ष सुनीता चमोली, जिला महामंत्री रजना रावत, फतेराम सती, डॉ. मातबर रावत, शरद बुटोला, विशम्बर मदवाल, प्रदीप चौहान, विनोद सिंह पंवार, रमेश चौधरी, कैप्टन रमेश बर्तवाल, संतोष चौधरी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, व्यापारी एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। फोटो सलंग्न



