ऑपरेशन प्रहार : सत्यापन में लापरवाही पड़ी भारी, ठेकेदार पर 10 हजार रुपये का चालान
बिना सत्यापन रह रहे 14 बाहरी मजदूरों पर भी हुई चालानी कार्रवाई
चमोली –
जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से चमोली पुलिस द्वारा संचालित “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के तहत गुरुवार को कोतवाली चमोली पुलिस ने अपर चमोली क्षेत्र में सघन सत्यापन अभियान चलाया।
पुलिस टीम ने निर्माणाधीन स्थलों एवं विभिन्न प्रतिष्ठानों में कार्यरत बाहरी मजदूरों और किरायेदारों के दस्तावेजों की जांच की। अभियान के दौरान 14 बाहरी मजदूर बिना पुलिस सत्यापन के निवास करते हुए पाए गए।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार संबंधित ठेकेदार आलोक मलिक, निवासी शिमला रोड, पटेल नगर, देहरादून द्वारा मजदूरों का नियमानुसार पुलिस सत्यापन नहीं कराया गया था। इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने उनके विरुद्ध पुलिस अधिनियम की धारा 83 के तहत ₹10,000 का चालान किया।
इसके अलावा बिना सत्यापन निवास कर रहे सभी 14 मजदूरों के विरुद्ध भी पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस ने सभी मजदूरों को नियमानुसार शीघ्र अपना सत्यापन कराने के निर्देश दिए हैं।
चमोली पुलिस ने आमजन, मकान मालिकों, ठेकेदारों एवं प्रतिष्ठान संचालकों से अपील की है कि वे अपने यहां कार्यरत बाहरी व्यक्तियों और किरायेदारों का अनिवार्य रूप से पुलिस सत्यापन कराएं, ताकि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी संभावित आपराधिक गतिविधि की रोकथाम में पुलिस को सहयोग मिल सके।



