उत्तराखंड

दशोली में बहुउद्देशीय सेवा एवं जनकल्याण शिविर, 174 लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ

ख़बर को सुनें

चमोली –

‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण सप्ताह’ के अंतर्गत गुरुवार को विकासखंड सभागार दशोली में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के तहत बहुउद्देशीय सेवा एवं जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर आमजन को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई गई तथा पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया। साथ ही कृषि, उद्यान एवं पशुपालन जैसे प्राथमिक क्षेत्रों में सरकार की उपलब्धियों, नीतियों एवं योजनाओं का भी प्रदर्शन किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद के अध्यक्ष राम चन्द्र गौड़ ने की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की उपस्थिति में विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, प्रमाण-पत्र एवं अन्य लाभकारी सामग्री भी वितरित की गई। शिविर में कुल 26 शिकायतें एवं आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 18 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के लिए प्रेषित किया गया।

शिविर के माध्यम से कुल 174 लाभार्थियों को विभिन्न विभागीय योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। विभागवार कृषि विभाग ने 16 लाभार्थियों को कृषि यंत्र वितरित किए। उद्यान विभाग ने 22 लाभार्थियों को सब्जी बीज, कीटनाशक दवाएं उपलब्ध कराईं। पशुपालन विभाग ने 12 लाभार्थियों को पशु औषधियां वितरित कर विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। महिला एवं बाल विकास विभाग ने 4 लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट प्रदान की। ग्रामीण विकास विभाग ने 8 लाभार्थियों को बीपीएल प्रमाण-पत्र, जॉब कार्ड एवं अन्य प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराए। इसके अतिरिक्त अन्य विभागों द्वारा भी पात्र नागरिकों को विभिन्न योजनाओं का लाभ, परामर्श एवं आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।

शिविर में स्वास्थ्य, समाज कल्याण, पंचायती राज, विद्युत, जल संस्थान, उद्योग, आयुष, शिक्षा सहित विभिन्न विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी तथा पात्र लाभार्थियों को आवश्यक सेवाएं प्रदान कीं। इस अवसर पर प्रमुख क्षेत्र पंचायत दशोली विनीता देवी, जिला पंचायत सदस्य संतोषी, भाजपा जिला महामंत्री विनोद कनवासी, मुख्य कृषि अधिकारी जय प्रकाश तिवारी, खंड विकास अधिकारी भगवान सिंह राणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button