अवैध भांग की खेती से लेकर नशा तस्करों तक… अब हर मोर्चे पर कड़ा प्रहार

एनकॉर्ड बैठक में नशा मुक्त चमोली के लिए पुलिस-प्रशासन ने बनाई व्यापक रणनीति
चमोली –
आज एनकॉर्ड (NCORD) समिति की बैठक में *जिलाधिकारी गौरव कुमार* की अध्यक्षता में नशा उन्मूलन एवं अवैध मादक पदार्थों की रोकथाम को लेकर व्यापक समीक्षा की गई। बैठक में अवैध भांग की खेती के चिन्हीकरण एवं विनष्टीकरण के लिए विशेष अभियान चलाने, नशा तस्करों एवं पेडलरों पर कठोर कार्रवाई तथा सभी विभागों के समन्वय से अभियान को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में राजस्व एवं वन क्षेत्रों की नियमित निगरानी, पटवारियों द्वारा क्षेत्रवार पड़ताल, अवैध भांग की खेती मिलने पर तत्काल विनष्टीकरण, मेडिकल स्टोरों की नियमित जांच एवं प्रतिबंधित दवाओं की अवैध बिक्री पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। साथ ही ग्वालदम नशा मुक्ति केंद्र को शीघ्र संचालित करने तथा जनपद में राजकीय नशा मुक्ति केंद्र स्थापित करने की प्रक्रिया तेज करने पर भी जोर दिया गया। युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए विद्यालयों की एंटी ड्रग कमेटियों को सक्रिय करने, शिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों की सतत निगरानी, आवश्यकतानुसार काउंसिलिंग तथा नशा तस्करों एवं पेडलरों की सूचना पुलिस तक पहुंचाने में विद्यार्थियों की सहभागिता बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में *पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पँवार* ने सभी विभागों के समन्वय से नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने पर जोर दिया। विद्यालयों में एंटी ड्रग कमेटियों को सक्रिय करने, युवाओं को नशे के प्रति जागरूक करने तथा नशा तस्करों की सूचना पुलिस तक पहुंचाने के लिए विद्यार्थियों को प्रेरित करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, उपजिलाधिकारी राजकुमार पांडे, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभिषेक गुप्ता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



