उत्तराखंड

चहेते ठेकेदारों को चयन बॉन्ड पर कार्य देने का आरोप, जांच नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

ख़बर को सुनें

पोखरी।

लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) पोखरी में इंजीनियरों पर चहेते ठेकेदारों को चयन बॉन्ड (सेलेक्शन बॉन्ड) के आधार पर अग्रिम कार्य आवंटित करने तथा अन्य ठेकेदारों के साथ भेदभाव करने के आरोप लगे हैं। ठेकेदार यूनियन से जुड़े पदाधिकारियों ने मामले की उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि मांग पूरी नहीं होने पर विभाग के खिलाफ व्यापक आंदोलन और धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

प्रेस विज्ञप्ति जारी कर मनोज भण्डारी, रणवीर भण्डारी, सहकारी बैंक के पूर्व जिलाध्यक्ष सत्येन्द्र सिंह नेगी, एडवोकेट देवेंद्र सिंह राणा तथा पूर्व प्रमुख नरेंद्र रावत ने आरोप लगाया कि लोक निर्माण विभाग पोखरी में बड़े स्तर पर अनियमितताएं हो रही हैं। उनका कहना है कि विभागीय इंजीनियर अपने चहेते ठेकेदारों के चयन बॉन्ड बनाकर उन्हें प्रत्याशा में अग्रिम कार्य करा रहे हैं, जबकि अन्य पात्र ठेकेदारों की अनदेखी कर उनके साथ भेदभाव किया जा रहा है।

उन्होंने शासन और प्रशासन से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं उच्च स्तरीय जांच कराने तथा सभी ठेकेदारों को समान अवसर सुनिश्चित करने की मांग की। पदाधिकारियों ने कहा कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो ठेकेदार यूनियन लोक निर्माण विभाग कार्यालय पोखरी में बृहद जन आंदोलन और धरना-प्रदर्शन शुरू करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।  उधर, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता दीपक कुमार ने कहा कि ठेकेदारों द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच कराई जाएगी। जांच में यदि संबंधित इंजीनियरों की किसी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता सामने आती है तो उनके विरुद्ध नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button