भारत के प्रथम गांव माणा में स्वर्गीय कमल सिंह चौहान की स्मृति में वॉलीबॉल एवं कैरम टूर्नामेंट शुरू


श्री बद्रीनाथ / माणा –
भारत के प्रथम गांव माणा में स्वर्गीय कमल सिंह चौहान की स्मृति में आयोजित वॉलीबॉल एवं कैरम टूर्नामेंट का शुभारंभ 9 अगस्त को हुआ। प्रतियोगिता का आयोजन युवा मंगल दल माणा के तत्वावधान में किया जा रहा है। टूर्नामेंट का उद्घाटन माणा गांव के ग्राम प्रधान धर्मेंद्र सिंह चौहान ने किया। इस अवसर पर ग्राम प्रधान के साथ क्षेत्र पंचायत सदस्य गजेंद्र बड़वाल व उपप्रधान बीना बड़वाल भी मौजूद रहे।
युवा मंगल दल माणा के अध्यक्ष नवीन रावत ने बताया कि स्वर्गीय कमल सिंह चौहान की स्मृति में आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना और स्थानीय खेल प्रतिभाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए बेहतर मंच प्रदान करना है।
उद्घाटन अवसर पर ग्राम प्रधान ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस तरह की खेल प्रतियोगिताएं युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और आपसी भाईचारे की भावना को मजबूत करती हैं।प्रतियोगिता में क्षेत्र की विभिन्न टीमों एवं खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। वॉलीबॉल के साथ कैरम प्रतियोगिता को लेकर भी खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला। शुरुआती मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं खेल प्रेमी मौजूद रहे।
टूर्नामेंट को लेकर माणा के ग्रामीणों एवं युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। आयोजकों ने प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग कर रहे सभी ग्रामीणों एवं खेल प्रेमियों का आभार व्यक्त किया। कार्यकर्म का संचालन व युवक मंगल दल के उपाध्यक्ष कमल सिंह परमार ने किया।


