नारायणबगड़-परखाल-डुंग्री मार्ग पर बोल्डर की चपेट में आने से मशीन ऑपरेटर की मौत*

नारायणबगड़, ।
नारायणबगड़-परखाल-डुंग्री मोटर मार्ग पर सोमवार को सड़क से मलबा और पत्थर हटाने के दौरान पहाड़ी से अचानक भारी बोल्डर गिरने से मशीन ऑपरेटर की गंभीर रूप से घायल हो गया जो रास्ते में मृतक हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आज सोमवार को वन पंचायत सीरी क्षेत्र में नारायणबगड़-परखाल-डुंग्री मोटर मार्ग पर मलबा, पत्थर और बोल्डर हटाने का कार्य चल रहा था। इसी दौरान अचानक पहाड़ी से भारी मलबे के साथ बोल्डर नीचे आ गिरा, जिसकी चपेट में आने से मशीन ऑपरेटर गंभीर रूप से घायल हो गए। जिसकी पहचान सोमपाल (27) पुत्र धनबहादुर, निवासी विकासनगर, देहरादून के रूप में हुई है।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय ग्रामीणों ने घायल सोमपाल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। ग्राम पंचायत सीरी के प्रधान भगवती प्रसाद सती ने हादसे पर गहरा दुख और रोष जताया। उन्होंने कहा कि वन पंचायत सीरी क्षेत्र में पहाड़ी से लगातार मलबा और बोल्डर गिरने की समस्या बनी हुई है। ऐसे में सड़क से मलबा हटाने वाले कर्मचारियों और मार्ग से गुजरने वाले आम लोगों की सुरक्षा गंभीर चिंता का विषय है।
उन्होंने कहा कि यदि सड़क साफ करने के दौरान विभागीय कार्य में लगे कर्मचारी ही सुरक्षित नहीं हैं तो स्कूली बच्चों, वाहन चालकों और राहगीरों की सुरक्षा की उम्मीद कैसे की जा सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि आपात स्थिति में रात के समय एंबुलेंस को गांव तक पहुंचने में भी परेशानी हो सकती है।
स्थायी सुरक्षा उपाय नहीं हुए तो आंदोलन की चेतावनीप्रधान भगवती प्रसाद सती ने प्रशासन से वन पंचायत सीरी में भूस्खलन प्रभावित पहाड़ी का स्थायी उपचार कराने, सुरक्षा दीवार बनाने तथा बोल्डर रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षात्मक उपाय तत्काल किए जाने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन और संबंधित विभाग ने मार्ग पर सुरक्षा के ठोस इंतजाम नहीं किए तो क्षेत्रीय जनता को जिलाधिकारी चमोली कार्यालय के समक्ष बड़े जनआंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ेगा।


