उत्तराखंड

जौरासी गांव में अवैध शराब की सप्लाई से ग्रामीण परेशान, महिलाओं ने पुलिस से की कार्रवाई की मांग

ख़बर को सुनें

पुलिस ने गांव में चौपाल लगाकर नशामुक्ति, साइबर क्राइम और 112 की दी जानकारी,

पोखरी-

विकासखंड पोखरी के ग्राम पंचायत जौरासी में कथित तौर पर धड़ल्ले से हो रही अवैध शराब की सप्लाई और शराबियों के आतंक से ग्रामीण परेशान हैं। गांव की महिला मंगल दल की महिलाओं ने शासन-प्रशासन और पुलिस से शराब की अवैध तस्करी पर तत्काल रोक लगाने तथा इसमें संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

महिलाओं का कहना है कि गांव में शराब की अवैध सप्लाई के चलते आए दिन अशांति का माहौल बना रहता है। शराब के नशे में लोगों के हुड़दंग से महिलाएं और पुरुष खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। महिलाओं ने पुलिस से गांव में शराब की सप्लाई पर प्रभावी रोक लगाने और शराब तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।महिलाओं की शिकायत का संज्ञान लेते हुए थानाध्यक्ष देवेंद्र पंत के निर्देश पर आज बुधवार को पुलिस टीम जौरासी गांव पहुंची। उपनिरीक्षक दलवीर सिंह नेगी और उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह नेगी ने ग्रामीणों के साथ चौपाल लगाकर नशामुक्ति, साइबर अपराध और आपराधिक घटनाओं की सूचना पुलिस को देने के संबंध में जानकारी दी। पुलिस ने ग्रामीणों से किसी भी आपराधिक घटना की तत्काल सूचना 112 पर देने की अपील की।इस दौरान महिलाओं ने पुलिस के समक्ष दोबारा अवैध शराब की सप्लाई का मुद्दा उठाते हुए तस्करी पर रोक लगाने की मांग की। पुलिस ने महिलाओं को मामले में गंभीरता से जांच करने और दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

थानाध्यक्ष देवेंद्र पंत ने बताया कि जौरासी गांव की महिलाओं की शिकायत के बाद पुलिस टीम को गांव भेजा गया था। ग्रामीणों को कानूनी जानकारी देने के साथ किसी भी आपराधिक घटना की सूचना 112 पर देने के लिए जागरूक किया गया है। उन्होंने कहा कि शराब की अवैध सप्लाई के मामले में पुलिस गंभीरता से जांच करेगी और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।इस अवसर पर ग्राम प्रधान मीनाक्षी देवी, महिला मंगल दल अध्यक्ष पूनम देवी, राजेश्वरी देवी, संगीता देवी, सुमित्रा देवी, कमला देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं मौजूद रहीं। फोटो सलंग्न

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button