भव्य व दिव्य स्वरूप में निकलेगी मां नंदा की बड़ी जात यात्रा: बिष्ट

चमोली –
चमोली जिला पंचायत के अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट ने कहा है कि नंदा की बड़ी जात को भव्य व दिव्य स्वरूप दिया गया है। इसके चलते बड़ी जात में सभी इलाकों के नंदा भक्त शामिल होनें जा रहे हैं।
नंदा सिद्धपीठ कुरूड़ में मां नंदा पर्यटन एवं सांस्कृतिक मेले के दूसरे दिन के कार्यक्रमों का शुभारंभ करते हुए बतौर मुख्य अतिथि बिष्ट ने कहा कि उत्तराखंड की अधिष्ठात्री देवी मां नंदा लोगों की दिलों में रची बसी है। आस्था की नंदा बड़ी जात का आयोजन आम लोगों की सहभागिता से ही संचालित हो रहा है। यही वजह है कि लोगों में नंदा की बड़ी जात को लेकर खासा उत्साह बना हुआ है। इसके चलते बड़ी जात के कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नंदा भक्त शामिल होने जा रहे हैं।
मेले के दौरान सांस्कृतिक सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि संस्कृति के संरक्षण में मेले मददगार साबित हो रहे हैं। उन्होंने उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रखने के लिए जोरदार प्रयासों की जरूरत पर जोर दिया। इस अवसर पर नंदा बड़ी जात समिति के अध्यक्ष कर्नल हरेंद्र सिंह, मंदिर समिति के अध्यक्ष सुखवीर रौतेला, जिला पंचायत संदस्य विपिन फस्र्वाण, बलवीर लाल, विक्रम कठैत, देवाल के ज्येष्ठ प्रमुख दीपक गड़िया, यूकेडी के नेता आशीष नेगी, नंदा नगर की नगर पंचायत अध्यक्ष बीना रौतेला, ज्येष्ठ प्रमुख हीरा सिंह आदि मौजूद रहे। मेले के दौरान विभिन्न गांवों की महिला मंगल दल से जुड़ी महिलाओं ने लोकगीत, लोकनृत्य तथा जागरों की शानदार प्रस्तुति दी।


