केलवाविनायक भूमि पर वर्चस्व को लेकर कनोल-सुतोल में खूनी संघर्ष, 4 घायल, एक एयरलिफ्ट
नंदानगर (चमोली)। –
नंदानगर विकासखंड के ग्राम पंचायत कनोल और ग्राम पंचायत सुतोल के ग्रामीणों के बीच केलवाविनायक बुग्याल की भूमि पर आधिपत्य को लेकर लंबे समय से चल रहा सीमा विवाद शनिवार को खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों में हुई मारपीट में चार ग्रामीण घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार को केलवाविनायक क्षेत्र में दोनों गांवों के ग्रामीण आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस घटना में तीन घायलों की पहचान हुई है – हरीश पुत्र हिम्मत सिंह (23 वर्ष), कुंदन सिंह पुत्र राय सिंह (35 वर्ष) और रणजीत सिंह पुत्र पुष्कर सिंह, तीनों निवासी सुतोल। जबकि एक अन्य घायल का नाम अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। सभी घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नंदानगर लाया गया, जहाँ से रणजीत सिंह की हालत गंभीर होने पर उसे कुरूड़ हेलीपैड से एयर एंबुलेंस के जरिए एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया। अन्य घायलों का पीएचसी में उपचार चल रहा है।
बताया जा रहा है कि केलवाविनायक क्षेत्र बुग्याल और बहुमूल्य कीड़ा-जड़ी (यार्सा गुम्बा) के दोहन के लिए प्रसिद्ध है। इसी क्षेत्र पर अपना-अपना दावा जताने को लेकर कनोल और सुतोल गांव के बीच कई वर्षों से वर्चस्व की लड़ाई चल रही है। राजस्व अभिलेखों में सीमा स्पष्ट न होने से आए दिन दोनों पक्षों में तनातनी होती रहती है। घटना की सूचना पर राजस्व और पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हो गई है।


