नंदानगर में भालू का आतंक, गौशाला गए व्यक्ति पर किया हमला; गंभीर घायल

नंदानगर (चमोली)। पहाड़ों में इन दिनों जंगली जानवरों के हमले की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। इसी क्रम में नंदानगर विकासखंड की ग्राम पंचायत बूरा में आज सुबह एक व्यक्ति पर भालू ने हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
जानकारी के अनुसार, दिलबर सिंह पुत्र राजे सिंह आज सुबह अपनी गौशाला की ओर गए थे। इसी दौरान वहां मौजूद भालू ने अचानक उन पर हमला कर दिया। भालू के हमले में दिलबर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के लोगों में दहशत का माहौल है।
ग्रामीणों का कहना है कि इन दिनों भालू भोजन की तलाश में आबादी वाले क्षेत्रों और खेतों के आसपास पहुंच रहे हैं। फसलों एवं अन्य खाद्य पदार्थों की तलाश में जंगली जानवरों के गांवों के नजदीक आने से ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
ग्रामीणों से सावधानी बरतने की अपील
भालू की बढ़ती गतिविधियों को देखते हुए ग्रामीणों से अपील की गई है कि सुबह-शाम अकेले जंगल, खेतों अथवा गौशाला की ओर जाने से बचें और संभव हो तो समूह में ही आवाजाही करें। विशेष रूप से झाड़ियों एवं सुनसान रास्तों पर अतिरिक्त सावधानी बरतें।
ग्रामीणों ने वन विभाग से भी क्षेत्र में भालू की सक्रियता का संज्ञान लेते हुए गश्त बढ़ाने तथा आवश्यक सुरक्षा उपाय करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
घटना के बाद क्षेत्र में भय का माहौल है और ग्रामीण जंगली जानवरों से सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाने की मांग कर रहे हैं।



