उत्तराखंड

आशीर्वाद का दीया’ जलाकर चमोली में शुरू हुआ सेवा संकल्प अभियान

ख़बर को सुनें

अलकनंदा तट पर ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्ज्वलित कर सेवा संकल्प अभियान शुरू

चमोली —

जनसेवा, सुशासन और जनभागीदारी की भावना को सशक्त बनाने के उद्देश्य से जनपद चमोली में गुरुवार को ‘सेवा संकल्प अभियान’ का शुभारंभ किया गया। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने चमोली स्थित अलकनंदा नदी तट पर ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्ज्वलित कर अभियान का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने भी दीप प्रज्ज्वलित कर अभियान में अपनी सहभागिता दर्ज कराई। जनपद में 17 सितम्बर से 18 अक्टूबर 2026 तक विभिन्न जनकल्याणकारी, जनजागरूकता एवं सेवा गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।

अभियान के प्रथम दिन जनपद के नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में मंदिरों, नदी तटों, जलाशयों, अमृत सरोवरों, जन औषधि केंद्रों तथा अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। गोपेश्वर स्थित गोपीनाथ मंदिर, चमोली स्थित अलकनंदा स्नान घाट सहित जिले के विभिन्न स्थानों पर स्थानीय नागरिकों एवं गणमान्य लोगों ने दीप प्रज्ज्वलित कर अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान लोगों ने जनसेवा, सामाजिक सहभागिता, स्वच्छता, सद्भाव एवं जनकल्याण के संकल्प के साथ अभियान से जुड़ने का संदेश दिया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी गौरव कुमार ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ जनभागीदारी के माध्यम से सेवा, सुशासन एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। अभियान के दौरान विभिन्न विभागों के समन्वय से जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सरकारी सेवाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के साथ ही जनजागरूकता, स्वच्छता, सेवा, सामाजिक सहभागिता एवं नवाचार से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य पात्र लाभार्थियों तक सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पहुंचाने के साथ-साथ आम नागरिकों को समाज एवं राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों के निर्वहन के लिए प्रेरित करना भी है।

जिलाधिकारी ने बताया कि अभियान के अंतर्गत ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘मेरे सपनों का भारत’, ‘सेवा कार्य’, ‘आंगन मिलन सेवा’, ‘सेवा की कहानी’, ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’, ‘सेवा के रंग राष्ट्र के संग’, ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ तथा ‘सुशासन सेवा संवाद’ सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इन कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में अधिक से अधिक लोगों को जोड़ते हुए जनकल्याणकारी योजनाओं, सेवाओं एवं सरकार की विभिन्न पहलों के प्रति जागरूक किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के माध्यम से मंदिरों एवं पवित्र नदी तटों पर दीप प्रज्ज्वलन के साथ समाज के वरिष्ठजनों, महिलाओं, युवाओं एवं आम नागरिकों का आशीर्वाद और सहभागिता प्राप्त करने का संदेश दिया गया है। अभियान के आगामी कार्यक्रमों में भी स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि सेवा, सुशासन और जनकल्याण की भावना गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचे।  इस अवसर पर दर्जा मंत्री हरक सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष संदीप रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल वर्तवाल, भाजपा महामंत्री विनोद कनवासी, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष गजेन्द्र रावत, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, परियोजना निदेशक आनंद सिंह, उपजिलाधिकारी राज कुमार पांडे, अधिशासी अधिकारी अनिल कुमार सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठजन, महिलाएं एवं आम नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button