सेवा संकल्प अभियान के तहत चमोली में 21 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक विकासखंडवार लगेंगे बहुउद्देशीय शिविर
चमोली –
जनपद चमोली में जनसामान्य को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराने तथा जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से 17 सितम्बर से 18 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत विभिन्न विकासखंडों में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिनमें विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी एवं लाभ उपलब्ध कराया जाएगा। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शिविरों में विभागीय योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के साथ ही प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों का मौके पर ही यथासंभव निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। शिविरों में स्वास्थ्य विभाग द्वारा निःशुल्क चिकित्सा शिविर, दिव्यांगजनों के लिए कृत्रिम अंग/सहायक उपकरण वितरण हेतु चिन्हीकरण, महिला एवं बाल विकास विभाग सहित अन्य विभागों की योजनाओं की जानकारी एवं सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
अभियान के तहत 21 सितम्बर को विकासखंड परिसर दशोली, 23 सितम्बर को विकासखंड परिसर ज्योतिर्मठ, 25 सितम्बर को विकासखंड परिसर पोखरी, 26 सितम्बर को विकासखंड थराली के कुलसारी, 27 सितम्बर को विकासखंड दशोली के पी जी कॉलेज गोपेश्वर, 28 सितम्बर को विकासखंड कर्णप्रयाग के ट्रामा सेंटर कर्णप्रयाग, 29 सितम्बर को विकासखंड परिसर गैरसैंण, 6 अक्टूबर को विकासखंड परिसर नंदानगर, 8 अक्टूबर को विकासखंड परिसर नारायणबगड़ तथा 17 अक्टूबर को विकासखंड परिसर देवाल में शिविर आयोजित किए जाएंगे।
शिविरों का समय प्रातः 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक निर्धारित किया गया है। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारियों को शिविरों में विभागीय स्टॉल स्थापित कर योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा अधिक से अधिक लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए हैं।



