उत्तराखंड

वाण से गैरोली पातल होते हुए वेदनी के लिए रवाना हुई मां नंदा की बड़ी जात

नम आंखों से हुईं मां नंदा की डोली को दी विदाई, जयकारों और जागरों से गूंजता रहा वाण*

ख़बर को सुनें

जिलाधिकारी ने डोली की विधिवत पूजा-अर्चना कर जनपद की सुख-समृद्धि की कामना की

मां नंदा की बड़ी जात को लेकर जिलाधिकारी ने वाण पहुंचकर परखी यात्रा व्यवस्थाएं*

वाण (चमोली ) महाबीर रावत

मां नंदा की बड़ी जात गुरुवार को वाण से गैरोली पातल होते हुए वेदनी के लिए रवाना हुई। मां नंदा की डोली के वाण से प्रस्थान के समय माहौल भावुक हो उठा। स्थानीय ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने नम आंखों से मां नंदा की डोली को अगले पड़ाव के लिए विदाई दी। इस दौरान पूरा वाण क्षेत्र मां नंदा के जयकारों, जागरों और पारंपरिक मांगल गीतों से गूंजता रहा। श्रद्धालुओं ने हाथ जोड़कर मां नंदा का आशीर्वाद लिया और यात्रा के सकुशल संपन्न होने की कामना की।

मां नंदा की बड़ी जात के वाण से प्रस्थान के दौरान जिलाधिकारी गौरव कुमार ने मां नंदा की डोली की विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने मां नंदा का आशीर्वाद लेते हुए जनपदवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं शांति की कामना की तथा मां नंदा की बड़ी जात के सकुशल एवं निर्विघ्न संपन्न होने की प्रार्थना की। पूजा-अर्चना के बाद पारंपरिक रीति-रिवाजों, जागरों और जयकारों के बीच मां नंदा की डोली को अगले पड़ाव के लिए विदाई दी गई।

बड़ी जात में 40 से अधिक छंतोलियों के साथ सैकड़ों देव निशान और बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हैं। वाण से प्रस्थान के दौरान पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुन, जागरों और मांगल गीतों के बीच मां नंदा की डोली आगे बढ़ी। डोली के साथ चल रहे श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और श्रद्धा का भाव देखने को मिला। ग्रामीणों ने अपनी परंपरा और लोक संस्कृति के अनुरूप मां नंदा को भावभीनी विदाई दी। मां नंदा की बड़ी जात के वाण से प्रस्थान से पूर्व जिलाधिकारी गौरव कुमार एवं पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने यात्रा पड़ाव पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने यात्रा मार्ग एवं पड़ाव पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा के आगामी पड़ावों पर भी श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने यात्रा मार्ग एवं पड़ावों पर व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी रखने तथा आवश्यकता के अनुसार तत्काल व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

वाण से मां नंदा की बड़ी जात गैरोली पातल होते हुए वेदनी की ओर बढ़ी। कठिन और दुर्गम पर्वतीय मार्ग के बावजूद श्रद्धालुओं में मां नंदा के प्रति गहरी आस्था और उत्साह बना हुआ है। यात्रा के दौरान श्रद्धालु पारंपरिक जागर, लोकगीत और मांगल गीत गाते हुए तथा मां नंदा के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे हैं। मां नंदा की बड़ी जात को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा यात्रा मार्ग एवं सभी प्रमुख पड़ावों पर आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए वरिष्ठ अधिकारी लगातार यात्रा मार्ग एवं पड़ावों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं।

जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से पर्वतीय मार्ग एवं मौसम की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए सावधानी बरतने, निर्धारित मार्ग का ही उपयोग करने तथा यात्रा के दौरान प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से यात्रा को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित बनाने में सहयोग प्रदान करने का अनुरोध किया है। इस दौरान विधायक थराली भूपाल राम टम्टा, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी अन्य जनप्रतिनिधि, वाणवासी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button