नारायणबगड़ स्वास्थ्य केंद्र के उच्चीकरण की मांग पर आंदोलन तेज, जनाक्रोश रैली निकालकर जताया विरोध

मांग पर अड़े आंदोलनकारी, सीएमओ के प्रतिनिधि का आश्वासन भी नहीं आया काम
नारायणबगड़ –
नारायणबगड़ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में उच्चीकृत करने और स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार की मांग को लेकर क्षेत्र में आंदोलन तेज हो गया है। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत रविवार को बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने जनाक्रोश रैली निकालकर अपना विरोध दर्ज कराया। रैली के बाद आंदोलनकारी पुनः अनिश्चित कालीन धरने पर बैठ गए और मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया।
स्वास्थ्य केंद्र के उच्चीकरण और अन्य व्यवस्थाओं में सुधार की मांग को लेकर धरना स्थल से शुरू हुई जनाक्रोश रैली मुख्य बाजार होते हुए परखाल तिराहे तक पहुंची। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए शासन-प्रशासन के प्रति नाराजगी जताई। रैली के बाद सभी आंदोलनकारी धरना स्थल पर एकत्र हुए और अनिश्चितकालीन धरने को जारी रखा।
*सीएमओ के पत्र को आंदोलनकारियों ने नकारा*
आंदोलन के बीच मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) के प्रतिनिधि के रूप में एसीएमओ भगवती पुरोहित मौके पर पहुंचे। उन्होंने आंदोलनकारियों के बीच मुख्य चिकित्सा अधिकारी की ओर से भेजे गए पत्र को पढ़कर सुनाया। हालांकि, आंदोलनकारियों ने पत्र में दिए गए आश्वासन को स्वीकार नहीं किया और अपनी मांगों पर ठोस कार्रवाई होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही।
इस दौरान धरने में नीरज नेगी, बिपिन परिहार, ज्येष्ठ प्रमुख देवराज रावत, पूर्व प्रमुख यशपाल सिंह नेगी, जिला पंचायत सदस्य प्रदीप बुटोला, सुरेंद्र कनेरी, दलवीर सिंह रावत, साक्षी नेगी, संजय सिंह, देवेंद्र कोहली, संतोष नैनवाल, अमन सिंह मनेषा सहित अनेक क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।



