विधायक के लिखित आश्वासन पर आठवें दिन स्थगित हुआ

नारायणबगड़ स्वास्थ्य आंदोलन, एक माह में उच्चीकरण का भरोसा
दो दिन में अस्पताल की प्रमुख समस्याओं के निराकरण का आश्वासन, समय सीमा में मांगें पूरी नहीं हुईं तो फिर शुरू होगा आंदोलन
नारायणबगड़ (चमोली )-
नारायणबगड़ स्वास्थ्य केंद्र की चिकित्सा व्यवस्थाओं में सुधार और अस्पताल के उच्चीकरण की मांग को लेकर बीडीसी सदस्यों का अनिश्चितकालीन धरना सोमवार को आठवें दिन विधायक भूपालराम टम्टा के लिखित आश्वासन के बाद अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया गया। विधायक ने दो दिनों के भीतर अस्पताल की प्रमुख समस्याओं का निराकरण करने तथा एक महीने के भीतर स्वास्थ्य केंद्र के उच्चीकरण की मांग पूरी करने का आश्वासन दिया है।
सोमवार को धरने के आठवें दिन भी क्षेत्र पंचायत सदस्य नीरज नेगी और विपिन बिष्ट आंदोलन पर डटे रहे। उनके समर्थन में जिला पंचायत सदस्य प्रदीप बुटोला, ग्राम प्रधान देवेंद्र कोहली, पूर्व कनिष्ठ प्रमुख देवेंद्र नेगी और दलबीर सिंह रावत समेत कई लोग धरनास्थल पर बैठे रहे। आंदोलनकारियों ने स्वास्थ्य केंद्र की बदहाल चिकित्सा व्यवस्थाओं में सुधार और क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग उठाई।
*देर शाम धरनास्थल पहुंचे विधायक, आंदोलनकारियों से हुई वार्ता*
सोमवार देर शाम विधायक भूपालराम टम्टा धरनास्थल पर पहुंचे और धरने पर बैठे बीडीसी सदस्यों से वार्ता की। इस दौरान अस्पताल की समस्याओं और स्वास्थ्य केंद्र के उच्चीकरण की मांग पर चर्चा हुई। विधायक की ओर से लिखित आश्वासन दिया गया कि दो दिनों के भीतर अस्पताल की प्रमुख समस्याओं का निराकरण किया जाएगा, जबकि एक महीने के भीतर स्वास्थ्य केंद्र के उच्चीकरण की मांग को पूरा करने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी।
विधायक के लिखित आश्वासन के बाद आंदोलनकारियों ने धरने को अस्थायी रूप से स्थगित करने पर सहमति जताई।मांगें पूरी नहीं हुईं तो दोबारा शुरू होगा आंदोलन*
धरने पर बैठे बीडीसी सदस्यों ने स्पष्ट किया कि आंदोलन को केवल आश्वासन के आधार पर अस्थायी रूप से स्थगित किया गया है। यदि निर्धारित समयसीमा के भीतर मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो वे दोबारा आंदोलन शुरू करेंगे।
आंदोलनकारियों का कहना है कि नारायणबगड़ क्षेत्र की जनता को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना आवश्यक है। स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं में सुधार और उसके उच्चीकरण से क्षेत्र के लोगों को स्थानीय स्तर पर बेहतर उपचार मिलने की उम्मीद है। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख गणेश चंदोला, कनिष्ठ उपप्रमुख भूपेंद्र मेहरा, जिला पंचायत सदस्य सुरेंद्र कनेरी, विधायक प्रतिनिधि दलीप सिंह नेगी, मृत्युंजय परिहार समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।



