रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ 20वां हिमवत कवि चंद्र कुंवर बर्त्वाल खादी ग्रामोद्योग एवं शरदोत्सव मेला शुरू

दीप प्रज्वलित कर किया शुभारंभ, स्कूली बच्चों की प्रस्तुतियों और झुमैलो ने मोहा मन,
पोखरी-
विकासखंड मुख्यालय पोखरी में आज बुधवार को 20वें हिमवत कवि चंद्र कुंवर बर्त्वाल खादी ग्रामोद्योग एवं शरदोत्सव मेले का रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ शुभारंभ हुआ। मेला मंच पर मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त चिकित्सक डॉ. बृजमोहन खाली, राज्य महिला आयोग की सदस्य वत्सला सती, मेले के जनक पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र सिंह भंडारी, नगर पंचायत अध्यक्ष सोहन लाल, सलना वार्ड की जिला पंचायत सदस्य दिव्या भारती और थाला बैंड वार्ड के जिला पंचायत सदस्य एवं व्यापार मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह राणा ने दीप प्रज्वलित कर मेले का उद्घाटन किया।
मेले के शुभारंभ से पहले राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पोखरी, अटल उत्कृष्ट विद्यालय, राजकीय इंटर कॉलेज नागनाथ, टैगोर इंटरमीडिएट कॉलेज पोखरी और एबीएम इंटर कॉलेज पोखरी सहित विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने विनायकधार से गोल मार्केट होते हुए मेला मैदान तक प्रभातफेरी निकाली। इसके बाद राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पोखरी की छात्राओं ने ‘वीणावादिनी मां सरस्वती शारदे’ की शानदार सरस्वती वंदना और ‘सांसों की सरगम, शुभ स्वागत, स्वागत’ गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया। इंटर कॉलेज आली की छात्राओं ने शिव स्तुति प्रस्तुत की, जबकि ग्राम पंचायत बल्ली के महिला मंगल दल ने शानदार झुमैलो की प्रस्तुति देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
मेले हमारी सांस्कृतिक विरासत के संवाहक
मुख्य अतिथि डॉ. बृजमोहन खाली ने कहा कि मेले हमारी सांस्कृतिक परंपराओं और धरोहरों को जीवित रखने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। नगर पंचायत अध्यक्ष सोहन लाल ने कहा कि मेले परंपराओं को संरक्षित करने के साथ ही आपसी भाईचारे और एकता का संदेश देते हैं। जिला पंचायत सदस्य एवं व्यापार मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह राणा ने मेले के सफल संचालन के लिए सभी क्षेत्रवासियों के सहयोग को जरूरी बताया।मेले के जनक पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र सिंह भंडारी ने कहा कि क्षेत्रवासियों के सहयोग से यह मेला अपने 20 वें वसंत में पहुंच गया है, जो पूरे क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि मेले में दिन के समय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, महिला मंगल दलों के सांस्कृतिक कार्यक्रमों और विभिन्न खेल गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। वहीं, रात्रि में जाने-माने कलाकार रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। उन्होंने क्षेत्रवासियों से मेले में पहुंचकर कार्यक्रमों का आनंद लेने और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की।मेले के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष सोहन लाल ने मेला मैदान में लगाए गए विभागीय स्टालों और दुकानों का उद्घाटन किया। वहीं, केदारनाथ वन्यजीव प्रभाग की नागनाथ रेंज के वन क्षेत्राधिकारी कपिल गुसाईं तथा अलकनंदा भूमि संरक्षण वन प्रभाग की पोखरी रेंज के वन क्षेत्राधिकारी बीएल शाह ने वन पंचायत सरपंचों को सम्मानित किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और वनों की सुरक्षा के महत्व पर भी जोर दिया।इस अवसर पर राज्य महिला आयोग की सदस्य वत्सला सती, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र सिंह भंडारी, नगर पंचायत अध्यक्ष सोहन लाल, व्यापार मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह राणा, संतोष चौधरी, वन क्षेत्राधिकारी कपिल गुसाईं, वन क्षेत्राधिकारी बीएल शाह, भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष एडवोकेट राधारानी रावत, नगर मंडल अध्यक्ष अमर सिंह रावत, रंजना रावत, सत्येंद्र बुटोला, माहेश्वरी देवी, फतेराम सती, सतू नेगी, गिरीश किमोठी, जितेंद्र सती, रमेश चौधरी, कुंवर सिंह चौधरी, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पोखरी के प्रधानाचार्य गंभीर असवाल, राजकीय इंटर कॉलेज नागनाथ के प्रधानाचार्य धीरेंद्र रावत, रेखा पटवाल राणा, पुष्पा नेगी, पूनम रानी नेगी, लता कोहली, सुमन लता सती, माला कंडारी, महिपाल रावत, डॉ. सत्येंद्र भंडारी, संदीप नेगी, प्रदीप चौहान, बीआर चौधरी और प्रदीप पुरोहित सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, शिक्षक-शिक्षिकाएं, व्यापारी और मेला समिति के पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन टीपी सती और ब्रह्मानंद किमोठी ने किया।



