उत्तराखंड

पेंशनर्स के लिए राहत, अब घर बैठे डिजिटल माध्यम से जमा कर सकेंगे जीवन प्रमाण-पत्र

ख़बर को सुनें

30 नवंबर तक चलेगा राष्ट्रव्यापी डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र अभियान-5, कोषागार एवं उपकोषागारों में पेंशनर्स को दिया जा रहा प्रशिक्षण

चमोली –

जनपद चमोली में पेंशनर्स एवं पारिवारिक पेंशनर्स की सुविधा को ध्यान में रखते हुए राष्ट्रव्यापी डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र अभियान-5 संचालित किया जा रहा है। यह विशेष अभियान 01 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक चलेगा।

अभियान के माध्यम से पेंशनर्स को डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र (Digital Life Certificate-DLC) जमा करने के लिए जागरूक एवं प्रोत्साहित किया जा रहा है, ताकि वे घर बैठे ही ऑनलाइन माध्यम से अपना जीवन प्रमाण-पत्र जमा कर सकें और इसके लिए उन्हें बार-बार कोषागार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। मुख्य कोषाधिकारी राजीव कांत ने बताया कि निदेशालय, कोषागार, पेंशन एवं हकदारी, उत्तराखंड के निर्देशों के क्रम में जनपद के समस्त कोषागार एवं उपकोषागारों में अभियान के तहत पेंशनर्स एवं पारिवारिक पेंशनर्स को डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र बनाने और जमा करने की प्रक्रिया की जानकारी दी जा रही है। इसके लिए संबंधित कोषागार एवं उपकोषागारों में डीएलसी की हैंड्स-ऑन प्रैक्टिस (व्यावहारिक प्रशिक्षण) भी कराई जा रही है, जिससे पेंशनर्स स्वयं डिजिटल माध्यम से अपना जीवन प्रमाण-पत्र तैयार कर ऑनलाइन जमा करने में सक्षम हो सकें।

उन्होंने बताया कि डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र की सुविधा से पेंशनर्स को अधिक सहूलियत मिलेगी। इससे न केवल जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने की प्रक्रिया सरल, सुगम एवं पारदर्शी बनेगी, बल्कि वरिष्ठ नागरिकों को अनावश्यक आवागमन और समय की बचत में भी मदद मिलेगी। अभियान का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक पेंशनर्स को डिजिटल सेवाओं से जोड़ते हुए जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने की प्रक्रिया को सहज एवं सुविधाजनक बनाना है।मुख्य कोषाधिकारी ने जनपद के समस्त पेंशनर्स एवं पारिवारिक पेंशनर्स से अपील की है कि वे इस अभियान का लाभ उठाएं तथा अपने निकटतम कोषागार अथवा उपकोषागार में पहुंचकर डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र बनाने का प्रशिक्षण एवं आवश्यक सहायता प्राप्त करें। उन्होंने अधिक से अधिक पेंशनर्स से डिजिटल माध्यम से अपना जीवन प्रमाण-पत्र जमा कर अभियान को सफल बनाने की अपील की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button