उत्तराखंड

महिलाओं और ग्रामीणों का मिल रहा समर्थन,कांग्रेस नेताओं की गैरमौजूदगी पर उठे सवाल।

ख़बर को सुनें

थराली CHC में चौथे दिन भी आंदोलन जारी

थराली ( चमोली )-

चमोली जिले के थराली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बदहाल स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर शुरू हुआ अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन चौथे दिन भी जारी रहा। थराली युवा संघर्ष समिति के बैनर तले आंदोलन कर रहे युवाओं, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों की सात सूत्रीय मांगों में अल्ट्रासाउंड मशीन, विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती, स्टाफ नर्सों की नियुक्ति और एक्स-रे टेक्नीशियन सहित अन्य स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग शामिल है।

आंदोलनकारियों का कहना है कि तीन विकासखंडों की बड़ी आबादी को स्वास्थ्य सेवाएं देने वाला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आज बेहतर उपचार की सुविधाओं के अभाव में महज रेफर सेंटर बनकर रह गया है। उनका आरोप है कि अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों और आवश्यक संसाधनों की कमी के चलते मरीजों को उपचार के लिए अन्य स्थानों का रुख करना पड़ता है।

आंदोलन के चौथे दिन विभिन्न गांवों की महिलाओं और ग्रामीणों ने धरना स्थल पर पहुंचकर आंदोलन को अपना समर्थन दिया। इससे आंदोलन को मिल रहे जनसमर्थन में और विस्तार हुआ है। आंदोलनकारियों का कहना है कि स्वास्थ्य सुविधाओं की यह मांग किसी एक संगठन या वर्ग की नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की जनता से जुड़ा विषय है। दूसरी ओर आंदोलनकारियों ने विपक्षी कांग्रेस के नेताओं की गैरमौजूदगी पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि क्षेत्र की इतनी बड़ी स्वास्थ्य समस्या को लेकर चल रहे आंदोलन में कांग्रेस के पूर्व विधायक सहित पार्टी के प्रमुख नेताओं और कार्यकर्ताओं की ओर से अब तक धरना स्थल पर पहुंचकर समर्थन नहीं दिया गया है। आंदोलनकारियों ने सवाल उठाया कि जब मामला जनता के स्वास्थ्य और जीवन से जुड़ा है, तो विपक्षी दलों की भूमिका भी महत्वपूर्ण होनी चाहिए।

भाजपा युवा मोर्चा के जिला मंत्री अभिषेक मिश्रा और थराली युवा संघर्ष समिति के अध्यक्ष संजय जोशी ने कहा कि यह आंदोलन किसी राजनीतिक दल के खिलाफ नहीं, बल्कि थराली क्षेत्र की जनता को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं दिलाने के लिए है। उन्होंने विपक्षी दलों से भी जनहित के इस मुद्दे पर आगे आने की अपेक्षा जताई। धरना स्थल पर समर्थन देने वालों में गंगा देवी, देवकी देवी, सुनीता देवी, अनीता देवी, संजय राणा, आनंद सिंह, उमेश देवराड़ी, भरत सिंह, योगेश देवराड़ी, अंकुर देवराड़ी, दीपक जोशी, प्रेम बल्लभ और नरेंद्र कुमार सहित अन्य लोग शामिल रहे। आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक सात सूत्रीय मांगों पर शासन-प्रशासन की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button