कुलसारी क्षेत्र में जंगली जानवर का आतंक, गौशाला तोड़कर गाय पर किया हमला
-अब तक चार मवेशियों को बना चुका है निशाना, पशुपालकों में दहशत; वन विभाग ने दिया मुआवजे का आश्वासन
थराली, (चमोली )-
विकासखंड थराली के कुलसारी क्षेत्र में मवेशियों पर जंगली जानवरों के लगातार हो रहे हमलों से पशुपालकों में दहशत बढ़ती जा रही है। क्षेत्र में अब तक चार मवेशियों पर हमले की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ताजा मामला झिंझौली डोबा (भटियाणा) गांव का है, जहां बृहस्पतिवार रात जंगली जानवर ने गौशाला तोड़कर अंदर बंधी गाय पर हमला कर दिया। शुक्रवार सुबह पशुपालक अवतारी राम जब गौशाला पहुंचे तो गाय को घायल अवस्था में देखकर उनके होश उड़ गए।
ग्रामीणों के अनुसार, क्षेत्र में मवेशियों पर हमले की यह चौथी घटना है। इससे पूर्व झिंझौली गांव में गोपाल सिंह कंडारी के दो बैलों पर हमला किया गया था, जबकि आलकोट गांव में खीम सिंह कंडारी का एक बैल जंगली जानवर का शिकार हुआ था। बताया जा रहा है कि हमलावर जानवर ने गौशाला की छत तोड़कर भीतर प्रवेश किया और गाय पर हमला किया।
लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। हालांकि अब तक किसी ने भी हमलावर जानवर को प्रत्यक्ष रूप से नहीं देखा है, जिससे यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हमले भालू ने किए हैं अथवा किसी अन्य जंगली जानवर ने। ग्रामीणों का कहना है कि वन विभाग की टीम पूर्व में करीब एक सप्ताह तक क्षेत्र में निगरानी कर चुकी है, लेकिन हमलों का सिलसिला थम नहीं रहा है। ताजा घटना के बाद वन विभाग ने प्रभावित पशुपालक को नियमानुसार मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने, हमलावर जानवर की पहचान कर उसे आबादी से दूर रखने तथा पशुपालकों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।


