नंदानगर में उक्रांद की जन जागरण रैली, जन समस्याओं को लेकर सरकार के खिलाफ भरा हुंकार

नंदानगर चमोली
उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) नंदानगर कार्यकारिणी द्वारा जन जागरण रैली “जन आशीर्वाद यात्रा” का आयोजन किया गया। रैली का नेतृत्व उक्रांद के केंद्रीय प्रवक्ता अंकेश भंडारी ने किया। यह रैली नंदानगर क्षेत्र में व्याप्त गंभीर जन समस्याओं तथा सरकार द्वारा की जा रही कथित उपेक्षा के विरोध में निकाली गई।
केंद्रीय प्रवक्ता अंकेश भंडारी ने कहा कि नंदानगर में बुनियादी सुविधाओं का घोर अभाव है। जल जीवन मिशन के तहत पूरे क्षेत्र में पेयजल संकट बना हुआ है, जिसमें बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार सामने आ रहा है, लेकिन सरकार आंख मूंदे बैठी है। कचरा प्रबंधन की उचित व्यवस्था न होने से जगह-जगह गंदगी फैली हुई है, जो प्रशासनिक विफलता को दर्शाता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार नहीं चेती तो उक्रांद और उग्र आंदोलन करेगा।
अध्यक्ष यदुवीर नेगी ने नंदानगर–नंदप्रयाग सड़क का मुद्दा उठाते हुए कहा कि यह क्षेत्र की जीवनरेखा है। गैरसैंण विधानसभा सत्र के दौरान आंदोलनकारियों पर लाठीचार्ज और मुकदमे दर्ज किए गए, इसके बावजूद जनता ने संघर्ष जारी रखा। सड़क स्वीकृत होने के बाद भी निर्माण कार्य पूरा न होना दुर्भाग्यपूर्ण है। पूर्व जिला अध्यक्ष कुंवर दानू ने आपदा प्रभावित परिवारों के पुनर्वास, मुआवजे और विस्थापन की अनदेखी का आरोप लगाया। वहीं दीपक फर्स्वाण ने पार्किंग व्यवस्था न होने से यातायात अव्यवस्था की बात कही। ब्लॉक युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष अनुज बिष्ट ने महाविद्यालय में शिक्षकों की कमी, विषयों के अभाव और संपर्क मार्ग न होने को युवाओं के पलायन का कारण बताया।केंद्रीय उपाध्यक्ष अरुण कुमार शाह ने स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली पर चिंता जताते हुए कहा कि उप जिला अस्पताल में डॉक्टर, स्टाफ, दवाइयों और जांच सुविधाओं की भारी कमी है। बीजू बिष्ट ने सार्वजनिक शौचालयों पर ताले लगे होने को महिलाओं के सम्मान से जोड़ते हुए कड़ा विरोध जताया।उक्रांद नेताओं ने चेताया कि यदि सरकार ने शीघ्र समाधान नहीं किया तो धरना, प्रदर्शन, क्रमिक अनशन और अनिश्चितकालीन आंदोलन किया जाएगा। रैली में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व स्थानीय जनता मौजूद रही।


